Site icon Dainik Savera Times

उत्तर प्रदेश में बड़ा हादसा: नहर में गिरी श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो, 11 लोगों की मौत

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में आज एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। बता दें कि, इटियाथोक थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बोलेरो गाड़ी, जो श्रद्धालुओं से भरी हुई थी, अचानक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल व्यक्तियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
अचानक से संतुलन खो बैठी गाड़ी

जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में कुल 15 लोग सवार थे, और सभी लोग किसी धार्मिक स्थल के दर्शन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना उस समय हुई जब गाड़ी अचानक से संतुलन खो बैठी और नहर में गिर गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

पुलिस ने की जांच शुरू

घटना की जांच में जुटे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गाड़ी के चालक ने कोशिश की थी कि वह गाड़ी को संभाल सके, लेकिन गाड़ी के अनियंत्रित होने के कारण बड़ा हादसा हो गया। फिलहाल, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

सीएम योगी ने दुर्घटना पर दी प्रतिक्रिया

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी ने इस दुर्घटना पर कहा कि, जनपद गोण्डा में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को ₹05-05 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

Exit mobile version