Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में गहरी खाई में गिरी बस, 8 लोगों की मौत, पीएम मोदी-सीएम धामी ने जताया दुख

November 17, 2026

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में गहरी खाई में गिरी बस, 8 लोगों की मौत, पीएम मोदी-सीएम धामी ने जताया दुख

नेशनल डेस्क: उत्तराखंड में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बस ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी। हादसे में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में यात्री घायल हो गए। हादसे की खबर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर किए गए पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, “उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में हुई एक दुर्घटना में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में, मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना पर दुख जताया है। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में कहा, “ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के गूलर, रुद्रप्रयाग जनपद के ऊखीमठ क्षेत्र तथा टिहरी जनपद की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुई सड़क दुर्घटनाओं में यात्रियों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। इन दुर्घटनाओं में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

उन्होंने आगे कहा, “दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा प्रभावितों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाए।”

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टिहरी गढ़वाल जिले में गूलर के समीप एक बस पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गिर गई। हादसा सुबह करीब साढ़े 5 बजे हुआ। बस में 34 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें तथा स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर पहुंची टीमों ने खाई में गिरी बस से यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। 26 घायलों को रेस्क्यू कर एंबुलेंस के माध्यम से ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। वहीं, अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टी हुई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें