Site icon Dainik Savera Times

उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का कहर, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी

Uttarakhand monsoon rain : उत्तराखंड में मॉनसून कहर बनकर बरस रहा है। कहीं तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं तो कहीं बादल फटने से जनजीवन प्रभावित है। इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए आज भी भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों से अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को अगले तीन दिनों के लिए, यानी 14 अगस्त तक अस्थायी रूप से रोक दिया है।

डीएम रुद्रप्रयाग ने जारी की एडवाइजरी
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 12, 13 और 14 अगस्त को रुद्रप्रयाग सहित उत्तराखंड के कई हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए केदारनाथ धाम की यात्रा को फिलहाल रोकने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि मौसम में सुधार होने तक यात्रा स्थगित रखें।

डेंजर जोन में चौबीसों घंटे मशीनें तैनात
डीएम ने कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों के तहत सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। चेतावनी प्रणाली की जांच पूरी कर ली गई है और राष्ट्रीय राजमार्ग के ‘डेंजर जोन’ में 24 घंटे जेसीबी और पोकलैंड मशीनें तैनात की गई हैं, ताकि सड़क अवरुद्ध होने पर तुरंत खोलने की कार्रवाई हो सके।साथ ही नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

ये भी पढ़े- Weather Today: दिल्ली सहित उत्तर भारत में बदला मौसम; तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी 

Exit mobile version