Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तराखंड में आठ घंटे सफर 1 घंटे में होगा पूरा, CM पुष्कर धामी ने लॉन्च की हेली सेवा

March 12, 2025

उत्तराखंड में आठ घंटे सफर 1 घंटे में होगा पूरा, CM पुष्कर धामी ने लॉन्च की हेली सेवा

उत्तराखंड में घूमने के लिए आने वाले सैलानियों और स्थानीय लोगों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने दुर्गम क्षेत्रो में पर्यटन को सुगम बनाने के लिए और लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के लिए उनकी यात्रा को आसान बनाने के लिए हेली सेवा लॉन्च की है।
इस हेली सेवा के शुरू होने जाने से अब आठ घंटे का सफर अब मात्र 1 घंटे में पूरा हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर हेली सेवा का शुभारंभ किया।  उत्तराखंड में उड़ान योजना के तहत चार शहरों को हेली सेवा से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारों शहरों के लिए हेली सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। इन सेवाओं में देहरादून से नैनीताल,बागेश्वर और मसूरी हेली सेवा शामिल है। जबकि हल्द्वानी से बागेश्वर हेली सेवा का भी शुभारंभ किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चार हेली सेवाओं से राज्य में पर्यटन और आर्थिक विकास को गति मिलेगी। इसके साथ ही बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आयेंगे। उन्होंने कहा कि बागेश्वर नैनीताल और मसूरी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं। इन क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता,शांत वादियाँ, हरे-भरे पहाड़, ऐतिहासिक मंदिर और समृद्ध संस्कृति देश और दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करती हैं।हेली सेवा की शुरुआत से अब इन क्षेत्रों की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों का आनंद लेने वाले पर्यटक यहां और भी आसानी से पहुँच सकेंगे।

देहरादून से मसूरी की हेली सेवा उत्तराखंड हवाई सम्पर्क योजना के तहत संचालित की जा रही है।जबकि शेष तीन हेली सेवाएं केंद्र सरकार की क्षेत्रीय सम्पर्क योजना के तहत संचालित की जा रही हैं। देहरादून-मसूरी के बीच पांच सीटर,जबकि अन्य जगहों के लिए सात सीटर हेलीकॉप्टर सेवाएं देगा। देहरादून से बागेश्वर, नैनीताल और और हल्द्वानी से बागेश्वर की हेली सेवा सप्ताह में सातों दिन दिन में दो बार संचालित होगी। जबकि मसूरी देहरादून हेली सेवा पहले माह में प्रतिदिन एक उड़ान भरेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें