Bomb Threat: उत्तराखंड में पिछले चार दिनों से अलग-अलग अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिल रहे हैं। हर दिन नई धमकी मिलने से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। इन धमकियों के कारण न्यायालयों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। इसी बीच गुरुवार को मामला तब और गंभीर हो गया, जब उत्तराखंड उच्च न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। यह धमकी एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ईमेल के जरिए भेजी गई थी। इसके अलावा जिला न्यायालय को भी इसी तरह की धमकी मिली है। ईमेल सुबह करीब 3 बजकर 55 मिनट पर भेजी गई थी। यह मेल देहरादून के जिला न्यायाधीश की आधिकारिक ईमेल आईडी पर पहुंची।
पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई। सभी अदालत परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
– मुख्य गेटों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए
– हर आने-जाने वाले की सख्त जांच की जा रही है
– अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची
सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसर को खाली करवा दिया। इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमों को मौके पर बुलाया गया। टीमें पूरे परिसर की बारीकी से जांच कर रही हैं ताकि किसी भी खतरे को समय रहते टाला जा सके।
वादकारियों को हो रही परेशानी
इन धमकियों का सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। अदालत में अपने मामलों की सुनवाई के लिए आए वादकारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को एक जगह से दूसरी जगह जाना पड़ रहा है। कई मामलों की सुनवाई प्रभावित हुई। लगातार मिल रही धमकियों के कारण अदालतों की सामान्य व्यवस्था बाधित हो रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...