Vaishno Devi route Railways adds extra coaches : जम्मू। माता वैष्णो देवी के दर्शन की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने राजधानी एक्सप्रेस समेत तीन प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का फैसला किया है।
30 जून से 4 अगस्त तक रहेंगे अतिरिक्त कोच
इससे कटरा जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक हो सकेगी। त्योहारों और छुट्टियों के मौसम में होने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे का यह कदम लाखों श्रद्धालुओं के लिए राहत भरा साबित होगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 04082 में 30 जून से चार अगस्त तक एक अतिरिक्त 3 एसी कोच लगाया जाएगा। इसी तरह जम्मू राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12426 में 27 जून से तीन अगस्त तक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा शहीद कैप्टन तुषार महाजन (ऊधमपुर) से दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 22402 में 21 जून से 23 जून तक एक अतिरिक्त 3एसी कोच जोड़ा जाएगा।
प्रत्येक थर्ड एसी कोच में 72 अतिरिक्त बर्थ
रेलवे का कहना है कि प्रत्येक थर्ड एसी कोच में करीब 72 अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी। विशेष रूप से परिवार या समूह में यात्रा करने वालों को एक साथ बर्थ मिलने में सुविधा होगी और उनका सफर अधिक आरामदायक बन सकेगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू, उचित सिंघल ने कहा कि गर्मियों के दौरान यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी के कारण होने वाले दबाव को कम किया जा सकेगा। ट्रेनों में अतिरिक्त 3एसी कोच लगाने से प्रतीक्षा सूची का दबाव कम होगा।
जा रहे हैं माता वैष्णो देवी तो रखें ध्यान
माता वैष्णो देवी के दर्शन हर श्रद्धालु के लिए आस्था और श्रद्धा का विशेष अनुभव होते हैं। यात्रा को सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार बनाने के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद महत्वपूर्ण है।
- यात्रा पर्ची जरूर कराएं : कटरा पहुंचने से पहले या वहां पहुंचकर यात्रा पर्ची बनवाएं। बिना वैध पंजीकरण के यात्रा शुरू नहीं की जा सकती।
- मौसम के अनुसार कपड़े रखें : पहाड़ों में मौसम अचानक बदल सकता है। गर्मियों में हल्के कपड़ों के साथ जैकेट और सर्दियों में गर्म कपड़े जरूर रखें।
- आरामदायक जूते पहनें : कटरा से भवन तक करीब 13 किलोमीटर की चढ़ाई है। अच्छे ग्रिप वाले आरामदायक स्पोर्ट्स शूज यात्रा को आसान बनाते हैं।
- पानी और जरूरी दवाएं साथ रखें : रास्ते में पर्याप्त पानी पीते रहें और यदि कोई नियमित दवा लेते हैं तो उसे साथ रखें।
- हल्का सामान लेकर चलें : भारी बैग की जगह जरूरी सामान ही रखें। लॉकर्स की सुविधा उपलब्ध है, जहां अतिरिक्त सामान रखा जा सकता है।
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें : जरूरत पड़ने पर बैटरी कार, पालकी, घोड़े या हेलीकॉप्टर जैसी सुविधाओं का उपयोग कर सकते हैं।
- Also Read :

