नई दिल्ली : पंजाब के कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्टरी (आरसीएफ) में निर्मित वंदे भारत एक्सप्रैस ने मथुरा-नागदा रेलखंड पर 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफर तय किया है। रेलवे ने शुक्रवार को बताया कि 16 डिब्बों वाली वंदे भारत चेयर कार ट्रेन का वीरवार को मथुरा-नागदा रेलखंड पर 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफल परीक्षण पूरा किया गया।
यह परीक्षण रेलवे सुरक्षा के मुख्य आयुक्त (सीसीआरएस) की निगरानी में किया गया। रेलवे के अनुसार रेलवे विनिर्माण क्षेत्र में पंजाब लगातार महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्टरी इस दिशा में केंद्र सरकार की उस प्राथमिकता को दर्शाती है, जिसके तहत पंजाब को विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
रेलवे ने बताया कि आरसीएफ कपूरथला में निर्मित 16 डिब्बों वाली वंदे भारत चेयर कार ट्रेन में आधुनिक प्रणोदन प्रणाली लगी है। परीक्षण के दौरान ट्रेन की तेज गति से चलने की क्षमता, परिचालन दक्षता और सुरक्षा मानकों का आकलन किया गया।
रेलवे सुरक्षा के मुख्य आयुक्त के निरीक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करना आधुनिक वंदे भारत ट्रेनों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह आधुनिक रेलवे विनिर्माण के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमताओं को भी दर्शाता है।

