बिहार को जल्द ही भारतीय रेलवे की आधुनिकतम सेवाओं में शामिल नमो भारत रैपिड रेल और एक नई अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत को भारतीय रेलवे की “त्रिवेणी” बताया है, और अब बिहार इस त्रिवेणी का महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रहा है। फिलहाल राज्य में कई वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन पहले से हो रहा है और दरभंगा से आनंद विहार टर्मिनल के बीच एक अमृत भारत एक्सप्रेस भी चल रही है। अब दो नई गाड़ियों – जयनगर से पटना के बीच नमो भारत रैपिड रेल और सहरसा से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू की जा रही हैं।

जयनगर-पटना नमो भारत रैपिड रेल में 16 वातानुकूलित कोच होंगे, जिसमें 2000 से अधिक यात्री यात्रा कर सकेंगे। ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत बनी यह ट्रेन कवच सुरक्षा प्रणाली, सीसीटीवी, फायर डिटेक्शन सिस्टम, आपातकालीन टॉकबैक सिस्टम, स्वचालित दरवाजे, डस्टप्रूफ गैंगवे, टाइप A और C चार्जिंग सॉकेट, और दिव्यांगों के लिए फ्रेंडली टॉयलेट्स जैसी सुविधाओं से लैस है। सभी कोच में रूट मैप इंडिकेटर भी होंगे।
वहीं, सहरसा-लोकमान्य तिलक अमृत भारत एक्सप्रेस देश की तीसरी अमृत भारत ट्रेन होगी। इसे 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के लिए डिजाइन किया गया है। पुश एंड पुल तकनीक वाली यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बिना इंजन बदले चल सकेगी। यह नॉन-एसी ट्रेन होगी, लेकिन इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं जैसे फोल्डेबल टेबल, मोबाइल होल्डर, रेडियम फ्लोरिंग, स्प्रिंग बॉडी, इलेक्ट्रो न्यूमैटिक फ्लश, सॉप डिस्पेंसर, और फायर सप्रेशन सिस्टम होंगे। इनके अलावा, रेलवे सुपौल-पिपरा, खगड़िया-अलौली, और हसनपुर-विथान जैसी नई लाइनों पर यात्री सेवाएं भी शुरू करेगा। पिपरा-सहरसा और समस्तीपुर-सहरसा (वाया बिथान-अलौली) के बीच नई पैसेंजर ट्रेनें शुरू होंगी, जिससे मिथिला क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। बिहार का रेल भविष्य अब और भी आधुनिक और सुगम होने जा रहा है।
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल चुनाव: BJP ने तेज किया चुनाव प्रचार, PM मोदी आज करेंगे तीन बड़ी रैलियां