Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

फोटो भेजो और पाओ 500 रुपए का इनाम, नगर निगण ने शहर को साफ़ सुथरा रखने के लिए की अनोखी पहल

June 13, 2025

फोटो भेजो और पाओ 500 रुपए का इनाम, नगर निगण ने शहर को साफ़ सुथरा रखने के लिए की अनोखी पहल

Varanasi Nagar Nigam : वाराणसी में सड़कों पर कूड़ा-कचरा फैलाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाराणसी नगर निगम ने स्वच्छता की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई में आम जनता भी हिस्सा लेगी। इस दिशा में वाराणसी नगर निगम ने कार्यकारिणी की बैठक में प्रस्ताव पारित किया।

नगर निगम ने तय किया है कि अगर कोई व्यक्ति इलाके या सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा फैलाने, थूकने, खुले में शौच करने या किसी अन्य तरह की गंदगी फैलाने की फोटो ऐप पर अपलोड करता है तो उसकी पहचान गोपनीय रखते हुए उसे 500 रुपये का इनाम दिया जाएगा। इस योजना का मकसद न सिर्फ शहर को साफ-सुथरा बनाना है, बल्कि लोगों में जागरूकता और जिम्मेदारी का भाव पैदा करना भी है।

नगर निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी नगर निगम लगातार सफाई पर काम कर रहा है। सभी 100 वार्डों में हर घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था की गई है। कूड़े को उठाकर उसका निस्तारण किया जा रहा है। शहर के सभी कूड़े के ढेरों को धीरे-धीरे खत्म करने की प्रक्रिया चल रही है। यहां 25 कूड़ाघर थे, जिनमें से 19 को हटा दिया गया है। बाकी के लिए काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘लगातार देखा गया है कि सफाई के तुरंत बाद लोग कूड़ा सड़कों पर फेंक देते हैं। इसे देखते हुए नगर निगम ने यह कदम उठाया है कि अगर कोई व्यक्ति सड़क पर कूड़ा फेंकता है और कोई दूसरा व्यक्ति उसकी फोटो खींचकर निगम के एप पर भेजता है तो उस व्यक्ति को तत्काल 500 रुपये इनाम के तौर पर दिए जाएंगे। कार्यकारिणी की बैठक में इस फैसले को मंजूरी दे दी गई है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे लागू किया जाएगा।’

नगर निगम की इस पहल का वाराणसी के लोग स्वागत कर रहे हैं। एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि यह बहुत ही सामयिक पहल है। कई लोग घरों से निकलकर कूड़ा सड़क पर फेंक देते हैं। एक अन्य स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि हम भी इस पहल का हिस्सा बनने की कोशिश करेंगे, क्योंकि सार्वजनिक सुविधाएं होने पर भी लोग गंदगी फैलाते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें