Rose Petals In A Glass Bowl : नई दिल्ली। गुलाब का फूल सिर्फ अपनी खूबसूरती और मनमोहक खुशबू के लिए ही नहीं, बल्कि वास्तु शास्त्र में भी विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि घर में ताजे गुलाब के फूल या उनकी पंखुड़ियां रखने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और वातावरण सुखद और शांत बना रहता है।
सौभाग्य-समृद्धि के लिए होता है इस्तेमाल
यही वजह है कि कई लोग सजावट के साथ-साथ सौभाग्य और समृद्धि के लिए भी गुलाब का इस्तेमाल करते हैं। आईये जानते हैं वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में गुलाब की पंखुड़ियां रखने के क्या लाभ बताए गए हैं। गुलाब की प्राकृतिक सुगंध न सिर्फ घर को महकाती है, बल्कि मन को भी सुकून देने का काम करती है। यही कारण है कि पूजा घर, लिविंग रूम और घर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास गुलाब की पंखुड़ियां रखने की परंपरा भी देखने को मिलती है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, अगर कांच की एक साफ कटोरी में पानी भरकर उसमें ताजी गुलाब की पंखुड़ियां डाल दी जाएं, तो यह घर के वातावरण को और भी सुखद बना सकती है।
महक भी लाती है सकारात्मक ऊर्जा
इस कटोरी को ऐसी जगह रखना अच्छा माना जाता है, जहां से ताजी हवा आती हो। इससे गुलाब की भीनी-भीनी खुशबू पूरे घर में फैलती रहती है और घर का माहौल ताजगी भरा महसूस होता है। कई लोग गुलाब की पंखुड़ियों को प्राकृतिक रूम फ्रेशनर की तरह भी इस्तेमाल करते हैं। खास बात यह है कि इसमें किसी कृत्रिम (आर्टिफिशियल) सुगंध या रसायन की जरूरत नहीं पड़ती। गुलाब की महक अपने आप घर में एक सकारात्मक और शांत वातावरण बनाने में मदद करती है। यदि बात करें वास्तु की तो इसके अनुसार गुलाब की खुशबू मन को शांत रखने में सहायक मानी जाती है।
माना जाता है कि इससे तनाव कम महसूस हो सकता है और परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम और सौहार्द का माहौल बना रहता है। कुछ लोग पानी में गुलाब की पंखुड़ियां डालकर रखने को आर्थिक समृद्धि और घर की बरकत से भी जोड़ते हैं। हालांकि, यह पूरी तरह आस्था और पारंपरिक मान्यताओं पर आधारित है। वास्तु शास्त्र में गुलाब की पंखुड़ियों से भरी कटोरी को घर की पूर्व दिशा में रखना शुभ माना गया है। यह भी मान्यता है कि इससे सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ता है और घर का वातावरण संतुलित एवं खुशनुमा बना रहता है। इसलिए अगर आप घर में प्राकृतिक खुशबू और ताजगी बनाए रखना चाहते हैं, तो गुलाब की ताजी पंखुड़ियां एक सरल ऑप्शन हो सकती हैं।

