नई दिल्ली: सरकार ने लोकसभा को बताया कि ‘सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्यूफेक्चरर्स’ (सायम) से मिली जानकारी के अनुसार, पैट्रोल में इथेनॉल मिलाने की वजह से बड़े पैमाने पर इंजन खराब होने या गाड़ी के बंद हो जाने की कोई समस्या सामने नहीं आई है। लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने यह बात कही। उन्होंने कहा, इंजन के काम करने, गाड़ी के माइलेज से जुड़ी कुछ चिंताएं अधिकतर सार्वजनिक टिप्पणियों और सोशल मीडिया पर चर्चा के जरिए सामने आ रही हैं।
गडकरी ने कहा कि ई15+ ब्लेंडेड पैट्रोल साढ़े तीन साल से ज्यादा समय से और ई19-ई20 मिश्रित ईंधन ढाई साल से ज्यादा समय से देश भर में बड़े पैमाने पर इस्तेमाल हो रहा है। गडकरी ने कहा कि सरकार ने, हितधारकों के साथ सलाह-मशविरा करके, परीक्षण करके और इथेनॉल मिश्रण बढ़ाने के हर चरण पर विशेषज्ञ एजैंसियों से अधिमान्य कराके पैट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय में, इथेनॉल मिश्रित पैट्रोल (ईबीपी) कार्यक्रम शुरू किया है।
मंत्री ने बताया कि ईबीपी कार्यक्रम को चरणबद्ध तरीके से, वैज्ञानिक रूप से मान्यता प्रदान करते हुए और परामर्श करने के तरीके से लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि इसका इस्तेमाल दुनिया भर में एक सदी से भी ज्यादा समय से किया जा रहा है, जिसमें ब्राजील जैसे देश दशकों से अधिक इथेनॉल मिश्रित ईंधन का इस्तेमाल कर रहे हैं।

