Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

नहीं रही वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहसिना किदवई, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

April 8, 2026

नहीं रही वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहसिना किदवई, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

नेशनल डेस्क: वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मेरठ से तीन बार सांसद रहीं मोहसिना किदवई ने बुधवार को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उन्होंने सुबह करीब 4 बजे अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 93 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं। उनके निधन की खबर से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है।

अंतिम संस्कार

मोहसिना किदवई की अंतिम यात्रा नोएडा के सेक्टर-40 स्थित उनके आवास से दोपहर 3 बजे निकाली जाएगी। इसके बाद उन्हें निजामुद्दीन कब्रिस्‍तान में शाम करीब 5 बजे सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। अंतिम संस्कार को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।

लंबा राजनीतिक सफर

1 जनवरी 1932 को Barabanki में जन्मीं मोहसिना किदवई का राजनीतिक जीवन काफी लंबा और प्रभावशाली रहा। वह 1978 के उपचुनाव, 1980 और 1984 में मेरठ से लोकसभा सांसद चुनी गईं। इसके अलावा वह दो बार राज्यसभा सदस्य भी रहीं। उन्होंने 2004 से 2010 और फिर 2010 से 2016 तक राज्यसभा में अपनी सेवाएं दीं।

केंद्र सरकार में निभाई अहम जिम्मेदारियां

मोहसिना किदवई ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सरकारों में केंद्रीय मंत्री के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शहरी विकास, पर्यटन और नागरिक उड्डयन जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली। वह गांधी परिवार की करीबी मानी जाती थीं और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में कई अहम पदों पर रहीं। उन्होंने कांग्रेस महासचिव के रूप में भी काम किया। इसके अलावा वह कांग्रेस कार्य समिति और केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य भी थीं। साथ ही उन्होंने हज कमेटी की अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।

नेताओं ने जताया शोक

वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मोहसिना किदवई बेहद सरल और सौम्य स्वभाव की नेता थीं। उनके व्यक्तित्व में विनम्रता साफ झलकती थी। मनीष तिवारी ने कहा कि उनके निधन से कांग्रेस पार्टी को बड़ी क्षति हुई है। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में मंत्री और सांसद के रूप में देश की सेवा की, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें