Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

VIDEO: कोच्चि में म्यूजिक कॉन्सर्ट में मची भगदड़, 4 छात्रों की मौत व 60 से ज्यादा घायल…सामने आई यह वजह

November 26, 2023

VIDEO: कोच्चि में म्यूजिक कॉन्सर्ट में मची भगदड़, 4 छात्रों की मौत व 60 से ज्यादा घायल…सामने आई यह वजह

नेशनल डेस्क: केरल सरकार ने कोच्चि में शनिवार रात कोचीन विश्वविद्यालय के वार्षिकोत्सव के दौरान मची भगदड़ के मामले में जांच के आदेश दिए हैं। इस घटना में चार छात्रों की मौत हो गई और 60 से ज्यादा घायल हो गए। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री आर बिंदू ने उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव और कोचीन विश्वविद्यालय के कुलपति व रजिस्ट्रार समेत तीन सदस्यीय टीम को भगदड़ की घटना की जांच करने का निर्देश दिया है। विज्ञप्ति में कहा गया कि मंत्री ने अधिकारियों को गहन जांच करने और एक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।


सिंगर निकिता गांधी के म्यूजिक कॉन्सर्ट में हादसा

अधिकारियों ने बताया कि भगदड़ मशहूर गायिका निकिता गांधी के यहां कोचीन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (CUSAT) के खुले सभागार में आयोजित संगीत समारोह में प्रस्तुति देने से पहले हुई। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के अनुसार, दो छात्र और दो छात्राओं की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोगों का कलामसेरी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल और कुछ अन्य अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।

 

जॉर्ज ने बताया कि चार और छात्रों की हालत गंभीर है। बाद में गायिका ने निकिता गांधी एक फेसबुक पोस्ट में अपना दुख व्यक्त किया। निकिता गांधी ने कहा कि प्रस्तुति के लिए कार्यक्रम स्थल रवाना होने से पहले ही यह घटना हो गई। उन्होंने लिखा, इस गहन दुख को व्यक्त करने के लिए संभवत? कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं है। मेरी प्रार्थनाएं छात्रों के परिवारों के लिए हैं।

अचानक भागने लगे छात्र

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) एम. आर. अजित कुमार ने कहा कि अचानक भारी बारिश होने पर दर्शक सीढि़यों का उपयोग करके सभागार में पहुंचे, जिससे भगदड़ मच गई। उन्होंने कहा कि यह एक वार्षिकोत्सव था, और विवरण पुस्तिका से हमें पता चला कि इसका आयोजन 24 से 26 नवंबर तक किया गया था। संगीत कार्यक्रम 1,000 से 1,500 लोगों की क्षमता वाले एक सभागार में आयोजित किया गया था। कुमार ने यहां पत्रकारों से कहा कि सभागार आंशिक रूप से भरा हुआ था। लेकिन जब अचानक बारिश हुई तो छात्र सीढ़ियों से होते हुए भागने लगे, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जानकारी से पता चला था कि भगदड़ निकिता गांधी के संगीत कार्यक्रम के दौरान हुई थी जबकि बाद में अधिकारियों ने कहा कि जब घटना हुई तब तक गायिका ने प्रस्तुति शुरू नहीं की थी।

ऐसे हुआ हादसा

एक प्रत्यक्षदर्शी ने मीडिया को बताया, ह्लकार्यक्रम में केवल टिकट धारकों को प्रवेश की अनुमति थी। हालांकि, संगीत कार्यक्रम के दौरान कई स्थानीय निवासी भी सभागार के बाहर थे। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जब अचानक बारिश शुरू हुई तो सभी दर्शक मंच की ओर दौड़ पड़े, जहां छत वाली जगह थी। इस बीच, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने घटना के मद्देनजर कोझिकोड के एक सरकारी अतिथि गृह में आपात बैठक की और विद्यार्थियों की मौत पर शोक व्यक्त किया। विजयन ने रविवार को उत्तरी जिले में जारी ‘नव केरल सदास’ कार्यक्रम के संबंध में निर्धारित सभी सांस्कृतिक एवं कला कार्यक्रमों को रद्द करने की घोषणा की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें