Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में ‘विद्या वाहिनी’ योजना का शुभारंभ, 1.40 लाख छात्राओं को चरणबद्ध तरीके से मिलेंगी निःशुल्क साइकिलें

August 1, 2026

दिल्ली में ‘विद्या वाहिनी’ योजना का शुभारंभ, 1.40 लाख छात्राओं को चरणबद्ध तरीके से मिलेंगी निःशुल्क साइकिलें

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने छात्राओं की शिक्षा और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘विद्या वाहिनी’ योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्वी विनोद नगर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के विद्यालयों की कक्षा 9 की 3,000 से अधिक छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित कीं। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और सपनों के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विद्या वाहिनी’ केवल साइकिल वितरण योजना नहीं, बल्कि प्रत्येक बेटी को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाने के सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत चरणबद्ध तरीके से दिल्ली सरकार के विद्यालयों में अध्ययनरत लगभग 1.40 लाख छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें उपलब्ध कराई जाएंगी। यह योजना आगामी वर्षों में भी जारी रहेगी। रेखा गुप्ता ने कहा कि साइकिल छात्राओं के लिए केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि स्वतंत्रता, आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और गरिमा का प्रतीक है।

इससे विद्यालय तक सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा, समय की बचत होगी, नियमित उपस्थिति बढ़ेगी तथा ड्रॉपआउट की संभावना कम होगी। उन्होंने छात्राओं से साइकिल का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, शिक्षा मंत्री आशीष सूद, विधायक रविन्द्र सिंह नेगी, शिक्षा एवं खेल निदेशक नितिन जिंदल, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। छात्राओं ने मुख्यमंत्री को अपने हाथों से बनाए चित्र भेंट किए, जिनकी उन्होंने सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि ‘विद्या वाहिनी’ योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला-नेतृत्व वाले विकास के विजन को धरातल पर उतारने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कक्षा 9 के बाद विद्यालय की दूरी और परिवहन संबंधी कठिनाइयों के कारण कई छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होती रही है। यह योजना उन बाधाओं को दूर कर छात्राओं की शिक्षा को नई गति देगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा, सुरक्षा और महिला सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें