Site icon Dainik Savera Times

तमिलनाडु में नए राजनितिक युग की शुरुआत, थलापति विजय ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

Vijay oath ceremony

Vijay oath ceremony

Vijay oath ceremony: तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को एक नया अध्याय जुड़ गया, जब तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख और लोकप्रिय अभिनेता सी. जोसेफ विजय ने राज्य के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

राजनीतिक गलियारों से लेकर फिल्म जगत तक, विजय के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा पूरे राज्य में सुर्खियों में रही। लंबे राजनीतिक संघर्ष और कई दिनों तक चले सियासी घटनाक्रम के बाद आखिरकार विजय ने सत्ता की कुर्सी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने का संघर्ष
तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता थी। विजय की पार्टी TVK के पास 108 विधायक थे। सरकार गठन के लिए कांग्रेस के 5, CPI और CPI(M) के 2-2 विधायकों का समर्थन मिला। बाद में VCK और IUML ने भी अपने 2-2 विधायकों का समर्थन देकर विजय के पक्ष में बहुमत सुनिश्चित किया। कुल 121 विधायकों के समर्थन के साथ विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया।

ये भी पढ़ें- Hantavirus: जहाज पर सवार सभी यात्रीयों को WHO ने बताया ‘हाई-रिस्क’ कॉन्टैक्ट, इतने दिनों की निगरानी को बताया आवश्यक

 

शनिवार को विजय ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपे। दस्तावेजों की जांच के बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दे दिया। इसके बाद विजय समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और राज्यभर में जश्न का माहौल देखने को मिला।

5 दिनों तक चला हाईवोल्टेज सियासी ड्रामा

मुख्यमंत्री बनने की राह विजय के लिए आसान नहीं रही। चुनाव परिणाम आने के बाद से ही राज्य की राजनीति में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिले। 6 मई को विजय पहली बार कांग्रेस के समर्थन के साथ राज्यपाल से मिले, लेकिन बहुमत से पांच विधायक कम होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। अगले दिन लेफ्ट पार्टियों के चार विधायकों का समर्थन मिलने के बाद विजय ने दोबारा दावा पेश किया, लेकिन तब भी संख्या पूरी नहीं हो सकी।

8 मई को TVK ने VCK के समर्थन का दावा किया, जिसके बाद विजय तीसरी बार राज्यपाल से मिलने पहुंचे। हालांकि देर रात तक समर्थन की औपचारिक पुष्टि नहीं हो सकी और राजनीतिक अनिश्चितता बनी रही। आखिरकार 9 मई को IUML और VCK ने आधिकारिक रूप से समर्थन का ऐलान कर दिया, जिसके बाद सरकार गठन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।

ये भी पढ़ें-  एल्विश यादव को मिली जान से मारने की धमकी, मांगी गई 10 करोड़ की रंगदारी

अभिनेता से मुख्यमंत्री तक का सफर
फिल्मी दुनिया में ‘थलापति’ के नाम से मशहूर विजय ने बड़े पर्दे पर वर्षों तक नायक की भूमिका निभाई। अब उन्होंने राजनीति में भी नई जिम्मेदारी संभाल ली है। उनके समर्थकों का मानना है कि विजय युवाओं और आम जनता की उम्मीदों का नया चेहरा बनकर उभरे हैं। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान स्टेडियम में भारी भीड़ उमड़ी। विजय के समर्थक पार्टी के झंडे और पोस्टर लेकर पहुंचे और ‘थलापति सीएम’ के नारों से माहौल गूंज उठा।

 

Exit mobile version