clash between Sikh devotees and locals: उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में चार स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आरोप है कि झड़प के दौरान धारदार हथियारों और तलवारों का इस्तेमाल किया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
कहासुनी के बाद धारदार हथियारों का इस्तेमाल
जानकारी के अनुसार, हेमकुंड साहिब से लौट रहे सिख श्रद्धालुओं की कर्णप्रयाग बाजार में कुछ स्थानीय लोगों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामूली विवाद था, लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान कुछ लोगों ने धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया, जिससे चार स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना में अन्य लोगों को भी चोटें आने की खबर है।
Uttarakhand: कर्णप्रयाग में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हिंसक झड़प. घटना में 4 स्थानीय लोग गंभीर रुप घायल. धारदार हथियारों और तलवारों का इस्तेमाल. इलाके में तनाव का माहौल. pic.twitter.com/Th4TPZJnBG
— RAJESH KUMAR (@RajeshK38247873) June 16, 2026
बद्रीनाथ हाईवे पर जाम, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद नाराज स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने पुलिस चौकी परिसर और बद्रीनाथ हाईवे पर जाम लगा दिया। पंचपुलिया क्षेत्र में भी प्रदर्शनकारियों ने सड़क अवरुद्ध कर दी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। एहतियात के तौर पर गौचर में यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
घटना से जुड़े CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

