Site icon Dainik Savera Times

विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में पिघला लोहा बना काल, 8 कर्मचारियों की दर्दनाक मौत

Visakhapatnam Steel Plant

Visakhapatnam Steel Plant

Visakhapatnam Steel Plant: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में सोमवार को एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 8 श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा प्लांट की एसएमएस-2 और एसटीसी-3 हीट फैसिलिटी में हुआ, जहां अचानक बड़ी मात्रा में पिघले हुए स्टील का रिसाव हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक लैडल (पिघले हुए स्टील को ढोने वाला बड़ा कंटेनर) में विस्फोट होने के बाद यह दुर्घटना हुई। विस्फोट के कारण पिघला हुआ स्टील तेजी से बाहर फैल गया और वहां काम कर रहे कई श्रमिक इसकी चपेट में आ गए। अत्यधिक तापमान वाले पिघले स्टील से कई कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए।

फायर ब्रिगेड, आपातकालीन सेवाओं मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचावकर्मी आग पर काबू पाने और प्रभावित कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हुए हैं। अधिकारियों को आशंका है कि कुछ कर्मचारी अभी भी यूनिट के अंदर फंसे हो सकते हैं। हालांकि, फंसे हुए और घायल कर्मचारियों की सही संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

 

गृह मंत्री वंगलापुडी अनिता ने घटना की जानकारी ली

हादसे के बाद आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगलापुडी अनिता ने विशाखापत्तनम के जिला कलेक्टर और पुलिस आयुक्त से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की

गृह मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही वंगलापुडी अनिता दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। वह लगातार प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रही हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Exit mobile version