नेशनल डेस्क: आज देश के तीन राज्यों असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में एक ही चरण में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। इन तीनों जगहों पर कुल 296 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इसमें केरल की 140 सीटें, असम की 126 सीटें और पुडुचेरी की 30 सीटें शामिल हैं। इस चुनाव में 6 करोड़ से ज्यादा मतदाता हिस्सा ले रहे हैं, जो उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।
असम- असम में इस बार मुकाबला काफी रोचक माना जा रहा है। यहां मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में एनडीए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश कर रहा है। राज्य में करीब 2.5 करोड़ मतदाता हैं। भाजपा विकास कार्यों और पहचान से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरी है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई के नेतृत्व में गठबंधन के साथ चुनाव लड़ रही है। इस गठबंधन में कई दल शामिल हैं, जैसे अखिल गोगोई का रायजोर दल और असम जातीय परिषद। इस चुनाव में लगभग 6.42 लाख नए युवा मतदाता भी हैं, जो नतीजों पर बड़ा असर डाल सकते हैं।
केरल- केरल में हमेशा की तरह इस बार भी कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के नेतृत्व में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) फिर से सरकार बनाने की कोशिश कर रहा है। 2021 के चुनाव में एलडीएफ ने 40 साल पुरानी परंपरा को तोड़ते हुए लगातार दूसरी बार जीत हासिल की थी। अब वह इस जीत के सिलसिले को जारी रखना चाहता है। वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ इस बार सत्ता में वापसी की उम्मीद कर रहा है। वह सरकार के खिलाफ नाराजगी और युवाओं के समर्थन को अपने पक्ष में मान रहा है। केरल में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। करीब 1.39 करोड़ महिलाएं और 1.32 करोड़ पुरुष मतदाता हैं। इसलिए महिलाओं की भूमिका इस चुनाव में काफी अहम मानी जा रही है।
पुडुचेरी- पुडुचेरी में 30 सीटों पर मतदान हो रहा है। यहां मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी के नेतृत्व में एनडीए चुनाव लड़ रहा है। 76 वर्षीय रंगास्वामी अपने पांचवें कार्यकाल के लिए प्रयास कर रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस और द्रमुक (DMK) के गठबंधन से है। यहां करीब 9.44 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
कब आएंगे नतीजे
इन वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी। उसी दिन पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के विधानसभा चुनावों के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा और पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल से लेकर 29 अप्रैल तक अलग-अलग चरणों में वोटिंग कराई जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...