Assembly Election 2023- मध्य प्रदेश की 230 और छत्तीसगढ़ की 70 सीटों पर वोटिंग जारी…राज्यों में सुरक्षा कड़ी

नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश की 230 और छत्तीसगढ़ की 70 सीटों पर शुक्रवार सुबह से वोटिंग जारी है। छत्तीसगढ़ में पहले चरण का मतदान 7 नवंबर को हो चुका है। यहां अब दूसरे चरण के लिए मतदान हो रहा है। दोनों राज्यों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।   मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव.

नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश की 230 और छत्तीसगढ़ की 70 सीटों पर शुक्रवार सुबह से वोटिंग जारी है। छत्तीसगढ़ में पहले चरण का मतदान 7 नवंबर को हो चुका है। यहां अब दूसरे चरण के लिए मतदान हो रहा है। दोनों राज्यों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

 

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव

लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व के तहत आज सुबह 7 बजे सभी 230 क्षेत्रों में स्थित 64 हजार 626 मतदान केंद्रों पर सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच मतदान शुरू हो गया। नक्सली प्रभावित क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों पर दिन में तीन बजे तक वोट डाले जा सकेंगे और शेष सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। सुबह 7 बजे से मतदाताओं के उत्साह के बीच मतदान की प्रक्रिया शुरु हो गई। इसके पहले राज्य भर के मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधियों की ओर से मॉक पोल की प्रक्रिया की गई। मतदान केंद्रों पर सुबह लगभग साढ़े 6 बजे से ही गुलाबी सर्दी के बीच भी मॉर्निंग वॉक करने आने वाले लोगों की वोट डालने के लिए कतारें जुटना शुरु हो गईं थीं। खास बात ये है कि इनमें महिलाओं की संख्या ज्यादा दिखाई दी।

 

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में शुक्रवार को 70 सीटों पर दूसरे और अंतिम चरण का मतदान शुरू हो गया। राज्य में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दूसरे चरण में 1,63,14,479 मतदाता हैं। इस चरण में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, आठ मंत्रियों और चार सांसदों समेत 958 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि राजिम जिले की नक्सल प्रभावित बिंद्रानवागढ़ सीट के नौ मतदान केंद्रों- कामरभौदी, आमामोरा, ओढ, बड़े गोबरा, गंवरगांव, गरीबा, नागेश, सहबीनकछार और कोदोमाली में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ जो दोपहर बाद 3 बजे ख्तम होगा।

 

अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का समय सुबह आठ बजे से शाम 5 बजे तक है। राज्य में इस विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के चुनाव अभियान का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया और दूसरे चरण से पहले उन्होंने चार बड़ी रैलियों को संबोधित किया। विधानसभा चुनाव में इस बार सत्ताधारी दल कांग्रेस ने कुल 90 में से 75 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। वहीं भाजपा राज्य में सत्ता में वापसी करना चाहती है।

 

भाजपा ने यहां 2003 से 2018 तक लगातार 15 वर्षों तक राज किया है। सूबे में 20 सीटों पर पहले चरण का चुनाव सात नवंबर को हुआ था, जिसमें 78 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पिछले चुनाव में कांग्रेस को राज्य में 68 सीटें मिली थी तथा भाजपा 15 सीटों पर सिमट गई थी। उस चुनाव में जेसीसी (जे) को पांच और बसपा को दो सीटें मिली थी। कांग्रेस की मौजूदा ताकत 71 है।

- विज्ञापन -

Latest News