काम और Congress पार्टी में इतना व्यस्त रहा कि शादी के बारे में सोच ही नहीं सका : Rahul Gandhi
October 10, 2023
नई दिल्लीः विवाह के सवाल का अक्सर सामना करने वाले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि वह अपने काम और कांग्रेस पार्टी के भीतर इतना व्यस्त हो गए कि शादी के बारे में सोच ही नहीं सके। उन्होंने जयपुर के महारानी कॉलेज की छात्रओं के एक समूह के साथ संवाद के दौरान एक सवाल के जवाब में यह टिप्पणी की हैं।
राहुल गांधी पिछले दिनों जयपुर के इस कॉलेज में पहुंचे थे और वहां छात्रओं के साथ संवाद किया था। उन्होंने एक छात्र के साथ स्कूटी की सवारी भी की थी। कांग्रेस नेता ने इसका वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किया। इस संवाद के दौरान एक छात्र ने सवाल किया, ‘‘सर, आप इतने स्मार्ट हैं, इतने अच्छे दिखते हैं, फिर अब तक शादी के बारे में क्यों नहीं सोचा?’’ इसके जवाब में कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘क्योंकि मैं अपने काम में, कांग्रेस पार्टी में बिल्कुल उलझ गया हूं।’’
छात्रओं ने जाति जनगणना को लेकर भी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष से सवाल किया। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि वह पूरी तरह जाति जनगणना के पक्ष में हैं क्योंकि यह जाति जनगणना एक ‘एक्स-रे’ की तरह है जिससे अन्य पिछड़े वर्गों (ओबीसी), दलितों और आदिवासी समुदायों की वास्तविक स्थिति के बारे में पता चल सकेगा। उनका कहना था, ‘‘सच यह है कि ओबीसी, दलित, आदिवासी सत्ता के ढांचे में शामिल नहीं हैं। किसी को नहीं पता कि ओबीसी, दलित, आदिवासी और सामान्य वर्ग के लोग कितने हैं। आपको चोट लगती है तो सबसे पहले आप एक्स-रे कराते हैं..जाति जनगणना भी एक्स-रे है।’’ एक छात्र ने राहुल गांधी से उनके चेहरे की चमक का राज पूछना चाहा तो कांग्रेस नेता ने कहा कि वह अपने चेहरे को धोने के लिए साबुन और क्रीम का इस्तेमाल नहीं करते, बल्कि सिर्फ पानी से चेहरा साफ करते हैं।