Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

कपड़ा प्रेस करने वाले के खाते से हुआ 598 करोड़ लेन-देन, आयकर विभाग ने भेजा नोटिस

April 9, 2026

कपड़ा प्रेस करने वाले के खाते से हुआ 598 करोड़ लेन-देन, आयकर विभाग ने भेजा नोटिस

नेशनल डेस्क: अजमेर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक साधारण धोबी को आयकर विभाग की ओर से भारी-भरकम लेन-देन का नोटिस भेजा गया है। रामगंज इलाके में रहने वाले जितेंद्र कुमार कपड़े धोने और प्रेस करने का काम करके अपना जीवन यापन करते हैं। हाल ही में उन्हें आयकर विभाग से एक नोटिस मिला, जिसमें बताया गया कि उनके नाम पर एक बैंक खाते के जरिए ₹598 करोड़ से ज्यादा का लेन-देन हुआ है। नोटिस में हीरों की बड़े स्तर पर खरीद-बिक्री का भी जिक्र है।

जितेंद्र कुमार का कहना है कि यह बैंक खाता उनका नहीं है और न ही उन्होंने कभी इस तरह का कोई कारोबार किया है। करीब दो साल पहले पाली में एक कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान उनका पैन कार्ड खो गया था। उन्हें शक है कि उसी पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल करके किसी ने उनके नाम पर बैंक खाता खोल लिया। इस मामले में आयकर विभाग ने उस निजी बैंक के मैनेजर को भी नोटिस भेजा है, जहां यह खाता खुला था और जिसके जरिए करोड़ों रुपये का लेन-देन किया गया।

जितेंद्र के वकील राकेश ठाड़ा के अनुसार, उन्होंने बैंक और उस व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जो इस खाते को चला रहा था। उन्हें शक है कि पाली का एक डायमंड कारोबारी शत्रुघ्न सिंह इस पूरे मामले में शामिल हो सकता है और उसी ने पैन कार्ड का इस्तेमाल कर यह खाता खुलवाया।

नोटिस मिलने के बाद से जितेंद्र कुमार की जिंदगी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। उनका काम बंद हो गया है और पिछले एक हफ्ते से वे लगातार वकील और पुलिस के चक्कर लगा रहे हैं। यह मामला पहचान की चोरी और दस्तावेजों के गलत इस्तेमाल की गंभीर समस्या को उजागर करता है, जिसमें एक आम व्यक्ति को बिना गलती के बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें