
water crisis in the capital : नई दिल्ली। दिल्ली की तपती गर्मी में जहां एक बाल्टी पानी भी राहत का एहसास कराती है, वहीं करण विहार के हजारों परिवार बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि लोगों के लिए नहाना तो दूर, प्यास बुझाने और रोजमर्रा के जरूरी काम निपटाना भी चुनौती बन गया है।
चार-चार दिनों तक पानी की एक बूंद न मिलने से परिवारों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है। मजबूरन लोग महंगे दामों पर पानी खरीद रहे हैं, जबकि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। जल संकट की यह तस्वीर राजधानी में बुनियादी सुविधाओं के दावों पर भी सवाल खड़े कर रही है।
राजधानी के करण विहार और आसपास की कॉलोनियों में जल संकट अब लोगों के लिए रोजमर्रा की परेशानी नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि हजारों परिवार पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। घरों के नल सूखे पड़े हैं और महिलाएं, बच्चे तथा बुजुर्ग बर्तन लेकर दूसरे ब्लॉकों और कॉलोनियों से पानी ढोने के लिए विवश हैं। क्षेत्र की करीब पांच हजार से अधिक आबादी इस संकट से प्रभावित है। करण विहार पार्ट-6 की 13-14 गलियों में से चार-पांच गलियों तक पानी पहुंच ही नहीं रहा।
बीते डेढ़ वर्ष से लगातार बढ़ रही समस्या ने लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। पहले जहां तीन दिन में एक बार एक से डेढ़ घंटे तक पानी की आपूर्ति हो जाती थी, वहीं अब बढ़ती गर्मी के बीच संकट और गहरा गया है। लोगों का कहना है कि पानी की कमी के कारण खाना बनाने, कपड़े धोने और बच्चों की देखभाल जैसे सामान्य काम भी मुश्किल हो गए हैं। करण विहार, हरि इन्क्लेव, अमन विहार और बलबीर विहार समेत कई क्षेत्रों में लोग रोजाना पानी के इंतजार में दिन गुजार रहे हैं। भीषण गर्मी में जब पानी सबसे बड़ी जरूरत बन जाता है, तब इन इलाकों के परिवारों को अपनी मूलभूत आवश्यकता पूरी करने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
इस संबंध में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राजेश चौधरी का कहना है कि बीती 22 जून को हमने किराड़ी की पानी की टंकी पर पहुंचकर प्रदर्शन किया था। हमने देखा कि टंकी में गंदा पानी भरा हुआ था। उसके बाद टंकी की सफाई की गई। हमने पानी की समस्या को लेकर जलबोर्ड के मुख्यालय को शिकायत भी दी थी। बावजूद इसके कोई समाधान नहीं हो सका।
इस बारे में लोगों का कहना है कि पानी न मिलने के कारण हम लोग नहाने तक के लिए तरस गए हैं। गीले तौलिया से मुंह साफ करके ही काम के लिए घर से निकल जाते है। गर्मी में स्थिति इतनी गंभीर है कि बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है। बलबीर विहार ए-ब्लाक की गली नंबर-5, 9 में से पानी नहीं आ रहा। लगभग आधा किलोमीटर दूर से बर्तनों में पानी भरकर लाना पड़ता है। जब से क्षेत्र में पानी की समस्या हुई है। तब से कोई अपने घर से पानी नहीं देता। इसलिए काफी दिक्कत हो रही है।
Also Read :