Site icon Dainik Savera Times

NCR में बदला मौसम का मिजाज, हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से मिली राहत

Weather changes in NCR, light rain brings relief from heat

Weather changes in NCR, light rain brings relief from heat

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस बदलते मौसम ने जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर प्रदूषण के स्तर में भी कमी दर्ज की गई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग से उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 14 सितंबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) 90 से 70 प्रतिशत के बीच रहेगी। आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश हो सकती है। 15 सितंबर को तापमान 32 डिग्री से 24 डिग्री के बीच रहेगा, सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। 16 सितंबर को पारा 34 डिग्री तक पहुंच सकता है और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहेगा। इस दिन भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है।

मौसम में बदलाव 17 सितंबर से देखने को मिलेगा, जब आसमान आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा। तापमान 34 डिग्री से 23 डिग्री के बीच रहेगा और आर्द्रता 75 से 55 प्रतिशत तक गिर जाएगी। 18 और 19 सितंबर को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे। 18 सितंबर को तापमान 34 डिग्री से 25 डिग्री और 19 सितंबर को 35 डिग्री से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम में इस बदलाव का सीधा असर एनसीआर की हवा पर पड़ा है। फिलहाल पूरे एनसीआर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘ग्रीन जोन’ में बना हुआ है, जिससे एनसीआर के लोग राहत की सांस ले रहे हैं।

दिल्ली के विभिन्न इलाकों की बात करें तो आनंद विहार का एक्यूआई 86, अशोक विहार का 80, बवाना का 66, बुराड़ी क्रॉसिंग का 70, चांदनी चौक का 64 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का एक्यूआई 77 दर्ज किया गया है। इसके अलावा आया नगर और कैंटोनमेंट एरिया जैसे इलाके हरे रंग में हैं, जहां एक्यूआई क्रमशः 54 और 49 है। नोएडा की बात करें तो सेक्टर-125 का एक्यूआई 73, सेक्टर-62 का 60 और सेक्टर-116 का एक्यूआई 106 (मध्यम श्रेणी) दर्ज किया गया है।

गाजियाबाद के इलाकों में गोविंदपुरम का एक्यूआई 40, इंदिरापुरम का 48, लोनी का 95, संजय नगर का 67, वसुंधरा का 65 और वेद विहार-लोनी का एक्यूआई 86 है। एनसीआर में आने वाले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य से थोड़ा ठंडा और नम रहेगा। हल्की बारिश और बादलों की मौजूदगी के कारण प्रदूषण के कण हवा में नहीं टिक पा रहे हैं, जिससे एक्यूआई ग्रीन जोन में बना हुआ है।

Exit mobile version