अंबाला। हरियाणा में गर्मी के बीच मौसम ने करवट ली है। गुरुवार तक तेज धूप और लू जैसे हालात बने हुए थे। वहीं शुक्रवार को अचानक मौसम बदल गया। राज्य के कई हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। इस मौसम ने गर्मी से कुछ राहत दिलाई है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हरियाणा के 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत, झज्जर और महेंद्रगढ़ में तेज हवाओं के साथ मौसम बदलने की संभावना जताई जा रही है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है, साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।
गर्मी का असर इस तरह रहा कि प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। महेंद्रगढ़ का नारनौल सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42°C दर्ज किया। इसके अलावा रोहतक 41.9°C, फरीदाबाद 41.6°C, हिसार 41.2°C और गुरुग्राम में तापमान 40°C तक पहुंच गया. औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6°C अधिक दर्ज किया, जिससे दिन के समय लू जैसे हालात बन गए।
प्रदेश में इन दिनों दिन ही नहीं, बल्कि रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान औसतन 0.7°C बढ़ा है। नारनौल और चरखी दादरी में रात का तापमान 24°C तक पहुंच गया, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि चंडीगढ़ जैसे कुछ क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया, जिससे हल्की राहत महसूस हुई।
यदि बात करें मौसम विभाग की तो अगले 24 घंटों में आंधी और बारिश के चलते तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। बादल छाने और तेज हवाओं के कारण दिन और रात दोनों के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। फिलहाल लोगों को सलाह दी गई है कि वे गर्मी और बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतें। अब मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ते ही तापमान में उछाल देखने को मिल रहा है। 16 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय होगा, जिसका असर 20 अप्रैल तक मुख्य रूप से पहाड़ी इलाकों तक सीमित रहेगा।
19 और 20 अप्रैल को मैदानी क्षेत्रों में हल्के बदलाव संभव हैं। हवाओं की दिशा में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उनकी गति धीमी पड़ सकती है। आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन धूप की तीव्रता बनी रहेगी। ऐसे में अगले 4 से 5 दिनों के दौरान तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक तक पहुंचने की पूरी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल हीटवेव जैसी स्थिति बनने की संभावना नहीं है, लेकिन तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा। हीटवेव तब मानी जाती है जब तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंचने के साथ सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक हो। अभी ऐसी स्थिति नहीं बन रही, लेकिन गर्मी का असर स्पष्ट रूप से महसूस किया जा रहा है। दोपहर के समय नमी का स्तर लगभग 20 प्रतिशत रहने की संभावना है, जिससे गर्मी शुष्क बनी रहेगी। यह स्थिति शरीर के लिए अपेक्षाकृत कम असहज हो सकती है, लेकिन लगातार धूप में रहने से डिहाइड्रेशन और थकान का खतरा बना रहेगा।
तेजी से बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें, हल्के और सूती कपड़े पहनें, पर्याप्त पानी पिएं और धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें। करनाल में गर्मी की यह तेज दस्तक आने वाले दिनों में और तीखी हो सकती है, ऐसे में जरूरी है कि लोग समय रहते खुद को सुरक्षित रखें और मौसम के इस बदलते मिजाज के साथ तालमेल बैठाएं।
Also Read :