Weather Forecast 31st December: साल के आखिरी दिन मौसम नए साल के जश्न में खलल डाल सकता है। आपको बता दें कि मौसम विभाग (IMD) ने संकेत दिए हैं कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड के साथ-साथ बारिश देखने को मिल सकती है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की भी चेतावनी है, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
उत्तर और पूर्वी भारत में पहले से ही शीतलहर का असर जारी है। 31 दिसंबर को दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आज मौसम करवट ले सकता है। IMD के अनुसार शाम से हल्की बारिश हो सकती है। नए साल के दिन राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। सुबह के समय तापमान 8–9 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
यूपी में ठंड और कोहरे का असर
उत्तर प्रदेश में ठंडी हवाओं के चलते शीतलहर का प्रकोप जारी है। आज भी कई जिलों में यही हालात बने रहेंगे। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों के बाद कुछ जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
कोल्ड डे और कोहरे की चेतावनी
बता दें कि आजमगढ़, गोरखपुर, बलिया, देवरिया, मऊ, अयोध्या, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर और बरेली में कोल्ड डे के साथ घने कोहरे की संभावना है। वाराणसी, प्रयागराज, आगरा, कानपुर, उन्नाव, मैनपुरी, रामपुर, कन्नौज, रायबरेली और अमेठी जैसे जिलों में भी कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
लखनऊ और नोएडा में सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है। यहां न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में कानपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार का हाल
बिहार में भी मौसम बदलने के आसार हैं। राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 2–3 डिग्री तक गिर सकता है। पटना, गोपालगंज, गया, जहानाबाद, सिवान, भोजपुर, बक्सर और पूर्वी चंपारण में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जनवरी को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

