Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली-NCR समेत 8 राज्यों में बारिश के आसार! IMD ने किया अलर्ट; जानें मौसम का हाल

Weather Forecast Rain Alert

Weather Forecast Rain Alert

Weather Rain Alert: उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। दिल्ली-NCR सहित कई राज्यों में मंगलवार को बादलों की गड़गड़ाहट और तेज बिजली के साथ बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों में दहशत का माहौल रहा। राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि के वीडियो भी सामने आए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे। दिल्ली में आज आसमान में बादल बने रह सकते हैं, हालांकि बारिश की संभावना कम जताई गई है। वहीं उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ बढ़ाएगा असर
हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 30 जनवरी की रात एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे दिल्ली समेत मैदानी इलाकों में दोबारा बारिश के आसार बनेंगे।

ये भी पढ़ें : जम्मू-कश्मीर में भारी हिमस्खलन, सामने आया खौफनाक वीडियो

बिजली, तेज हवाएं और बादलों की गड़गड़ाहट
28 से 31 जनवरी के बीच दिल्ली में लगातार बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय धुंध देखने को मिल सकती है। 1 फरवरी को राजधानी में हल्की बारिश हो सकती है, इस दौरान तेज हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।

यूपी में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। राज्य के 50 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में ओले गिरने की संभावना है। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली से लेकर लखनऊ, कानपुर और उन्नाव तक बारिश के संकेत हैं। संभल और मुरादाबाद जैसे जिलों में हाल ही में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है।

दिल्ली में ठंड से थोड़ी राहत
बारिश और बादलों के बावजूद दिल्ली में ठंड की तीव्रता में हल्की कमी देखी गई है। दिन का तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री तक रहने की संभावना है। हालांकि 31 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है, जो 5–7 डिग्री तक जा सकता है। 1 फरवरी के बाद तापमान फिर से बढ़ने के आसार हैं।

Video : राष्ट्रपति के अभिभाषण से बजट सत्र का आगाज

कोहरा और शीतलहर की चेतावनी
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में 28 से 30 जनवरी के बीच कोहरा और शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है। उत्तराखंड में 29 और 30 जनवरी को, जबकि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और उत्तरी मध्य प्रदेश में 28 और 29 जनवरी को सुबह-शाम घना कोहरा छाने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 29 से 31 जनवरी तक शीतलहर चल सकती है।

पहाड़ों पर भारी बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हिमाचल में शिमला, मनाली और कुल्लू, जबकि उत्तराखंड में केदारनाथ, बद्रीनाथ समेत चारधाम और चकराता, औली, चोपता जैसे इलाकों में बर्फ गिरने का सिलसिला जारी है।

Exit mobile version