Site icon Dainik Savera Times

देशभर में बदला मौसम का मिजाज… कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने शहर के मौसम का हाल

Aaj ka Mausam

Aaj ka Mausam

Today Weather Update : इन दिनों देशभर में मौसम सुहाना बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को चार राज्यों अरुणाचल प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और सिक्किम के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, केरल और तमिलनाडु में ऑरेंज अलर्ट, जबकि मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश
शनिवार सुबह से ही दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में तेज बारिश का दौर जारी है। रक्षाबंधन के दिन सुबह 6 बजे से कई इलाकों में बादल जमकर बरसे। मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा। बारिश से उमसभरी गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कई जगह जलभराव की समस्या भी देखने को मिली। अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है। 14 अगस्त से तापमान में गिरावट आ सकती है।

उत्तर प्रदेश में कई जिलों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने यूपी के वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, देवरिया, बलिया और आजमगढ़ जैसे पूर्वी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बदायूं, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस और मैनपुरी में भी बारिश होने की संभावना है। राजधानी लखनऊ में बादल छाए रहेंगे और दिनभर में बारिश हो सकती है।

बिहार में रेड अलर्ट जारी
रक्षाबंधन के दिन बिहार के पटना, बक्सर, सुपौल, सीतामढ़ी, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, मधुबनी और शिवहर सहित 19 जिलों में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। इनमें 8 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर बिहार में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा है, जबकि दक्षिण बिहार में भी बारिश का दौर जारी रहेगा।

उत्तराखंड में भारी बारिश का खतरा
उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून में आज भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने और भूस्खलन का भी खतरा है।

हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग का अलर्ट
हिमाचल के शिमला, सिरमौर, मंडी, चंबा, कांगड़ा और सोलन जिलों में आज भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। हाल ही में शिमला के नोगली नाले में बादल फटने से बाढ़ आई थी, जिससे सड़कें और नेशनल हाईवे प्रभावित हुए थे।

Exit mobile version