लखनऊ: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम ने अपनी करवट बदलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, 3 से 5 अप्रैल के बीच प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हो सकती है। तेज हवाओं की रफ्तार 50 से 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पश्चिमी और पूर्वी यूपी में अलग-अलग चेतावनी
मौसम विभाग ने कहा कि 3 और 4 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। वहीं, पूर्वी यूपी (पूर्वांचल) के जिलों में 4 और 5 अप्रैल को मौसम खराब रहने की संभावना है। इन दिनों कई स्थानों पर तेज हवाओं और ओलावृष्टि के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
तेज हवाओं से किसानों की परेशानी बढ़ सकती है
पश्चिमी यूपी के जिलों में 4 और 5 अप्रैल को हवाओं की रफ्तार 50-60 किमी प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है, वहीं कुछ क्षेत्रों में यह 70 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। आंधी और बारिश से किसानों को खासकर गेहूं की कटाई और मड़ाई के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रभावित जिलों की सूची
शुक्रवार से रविवार तक निम्नलिखित जिलों में तेज हवाओं और बारिश का खतरा है: अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, आजमगढ़, जौनपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रवि दास नगर, फर्रुखाबाद, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं।
इन जिलों में कुछ स्थानों पर ओले गिरने की संभावना भी जताई गई है।
ये भी पढ़ें…
पिछले कुछ दिनों का मौसम
बता दें कि मंगलवार को यूपी के कई जिलों में बारिश हुई थी। जौनपुर और प्रयागराज में ओले भी गिरे। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि तेज हवाओं और बारिश के दौरान सावधानी बरतें, खेतों और बाहरी गतिविधियों में आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं।

