Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, तेज आंधी और बारिश से गर्मी से मिली राहत

Rain in Delhi-NCR: राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में गुरुवार दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया। दिनभर की तेज गर्मी और उमस के बाद आसमान में काले बादल छा गए, जिससे कई जगह दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। इसके बाद तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया।

दिन के समय लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। सड़कों और बाजारों में लोग पसीने से परेशान नजर आए। हालांकि, शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और राहत लेकर आया।

 

कई इलाकों में तेज हवाएं, धूलभरी आंधी भी देखने को मिली

दोपहर बाद कई इलाकों में तेज हवाएं चलनी शुरू हुईं। कुछ जगहों पर धूलभरी आंधी भी देखने को मिली। इसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई और बिजली की गड़गड़ाहट के साथ मौसम पूरी तरह बदल गया। बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिला। बारिश शुरू होते ही लोग घरों की छतों, बालकनियों और खिड़कियों से मौसम का आनंद लेते नजर आए। वहीं, कुछ जगहों पर तेज हवाओं के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।

 

मौसम विभाग ने मौसम बदलने की संभावना जताई थी

मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदलने की संभावना जताई थी। विभाग के अनुसार, दिल्ली के बुराड़ी, मॉडल टाउन और करावल नगर समेत कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना थी। साथ ही 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई थी।

मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही साबित हुई और शाम के समय तेज आंधी और बारिश ने पूरे क्षेत्र के मौसम को बदल दिया। लोगों को जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों और पर्यावरण के लिए भी यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है। फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

Exit mobile version