Site icon Dainik Savera Times

Weather Update: मौसम बदलने से तापमान में आई गिरावट, कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी

Weather Update

Weather Update

Weather Update:  मार्च की शुरुआत में जहां तेज गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया था। वहीं अब महीने के बीच में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। देश के कई हिस्सों में तापमान गिरने से मौसम सुहाना हो गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है, जिसमें कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।

राजधानी दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह से ही तेज बारिश हो रही है, जिससे दिन में भी अंधेरा जैसा माहौल बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से उत्तर, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के करीब 22 राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और कई जगहों पर ओले गिरने की संभावना जताई गई है। खासतौर पर उत्तराखंड, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं।

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 20 मार्च को बारिश के साथ बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

मध्य भारत और पूर्वी राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 22 मार्च तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। वहीं सिक्किम में भी 22 मार्च तक आंधी-तूफान और बारिश का अनुमान है।

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। दक्षिण भारत के राज्यों जैसे तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा महाराष्ट्र और गुजरात के कई हिस्सों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।

दिल्ली के मौसम की बात करें तो यहां हाल ही में हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में भी आंधी और बारिश के कारण तापमान में कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार 20 मार्च को राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार में भी मौसम खराब रहने वाला है। यहां आज तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है और हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। वहीं रात के समय तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा रह सकता है।

Exit mobile version