Weather Update 18 Nov 2026: नवंबर में ठंड का असर देशभर में धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह और शाम के समय ठिठुरन महसूस होने लगी है। लेकिन मौसम का मिजाज अभी और बदल सकता है। देश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा है, जबकि उत्तर भारत के कई राज्यों में घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 नवंबर को छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु समेत 10 राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। आइए जानते हैं देशभर में मौसम का हाल।
10 राज्यों में बारिश के साथ आंधी का खतरा
18 नवंबर को देश के 10 राज्यों में मौसम बिगड़ने की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, बिहार और अंडमान-निकोबार में भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली और यूपी में घना कोहरा बढ़ाएगा परेशानी
बारिश और आंधी के बीच उत्तर भारत में कोहरे का असर भी बढ़ने वाला है। राजधानी दिल्ली में 18 नवंबर को बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। इसके साथ ही तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
ये भी पढ़ें- Today’s horoscope 18 Nov 2026: किसकी चमकेगी किस्मत, किसे रहना होगा सतर्क! जानें 12 राशियों का राशिफल
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी 18 नवंबर को घने कोहरे का अलर्ट है। वहीं, बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, कटिहार, दरभंगा और मधुबनी समेत कई जिलों में सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है।
पंजाब हरियाणा में पड़ेगा कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 21 नवंबर के बीच दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी घना कोहरा देखने को मिल सकता है। ऐसे में सुबह के समय सफर करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी होगी।
छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश तक बारिश का असर
छत्तीसगढ़ में 18 नवंबर को भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। वहीं, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है।
पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से 23 नवंबर तक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 और 22 नवंबर को बारिश का असर देखने को मिल सकता है। विदर्भ में भी 20 से 22 नवंबर के बीच भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 18 Nov 2026
आंध्र प्रदेश और दक्षिण भारत में तेज बारिश की चेतावनी
दक्षिण भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। 18 से 23 नवंबर के बीच केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश में 19 से 21 नवंबर के दौरान तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

