Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Weather Update: तेज हवाओं के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने 15 राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

June 20, 2026

Weather Update: तेज हवाओं के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने 15 राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

Weather Update: देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 23 जून से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में मानसून सक्रिय हो सकता है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में अगले सप्ताह तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

इन राज्यों में जारी हुआ बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, गोवा, केरल, ओडिशा, कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम और तेलंगाना समेत 15 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल

दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी और उमस से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज होगी। 20 जून को अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 21 जून को भी बादल छाए रहने और बारिश की संभावना बनी रहेगी। 22 जून के बाद बारिश में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहेगा। 23 और 24 जून को तेज हवाएं चलने के साथ तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

राजस्थान में बदलेगा मौसम का मिजाज

राजस्थान में 21 से 24 जून के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और शेखावाटी क्षेत्र के कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में भी आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

उत्तर प्रदेश में गर्मी और बारिश दोनों का असर

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर समेत कई जिलों में अभी भी गर्मी और लू का असर बना रह सकता है। बिजनौर, रामपुर, पीलीभीत, बरेली, हरदोई, बहराइच, उन्नाव, गोंडा, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, जौनपुर और गाजीपुर जैसे क्षेत्रों में भी गर्म मौसम बने रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 जून के आसपास बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

बिहार में 23 जून से सक्रिय होगा मानसून

बिहार में फिलहाल गर्मी और हीटवेव का असर जारी है। पटना, गया, जमुई, भागलपुर, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, पश्चिम चंपारण, नालंदा, नवादा, मुंगेर, सारण, रोहतास और बांका जिलों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 23 जून से राज्य में मानसून का प्रभाव बढ़ेगा। 23 से 25 जून के बीच कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।

उत्तराखंड में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना

उत्तराखंड के नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। 25 जून तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

हिमाचल प्रदेश में भी मौसम रहेगा खराब

हिमाचल प्रदेश के शिमला, सोलन, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर और सिरमौर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। 22 जून तक कई स्थानों पर तेज हवाएं, आंधी और ओलावृष्टि भी देखने को मिल सकती है।

जम्मू-कश्मीर में बारिश का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 22 जून तक व्यापक स्तर पर वर्षा हो सकती है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें