Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Weather Update: तेज बारिश से हुई बसंत पंचमी की शुरुआत, दिल्ली-हरियाणा सहित कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

January 23, 2026

Weather Update: तेज बारिश से हुई बसंत पंचमी की शुरुआत, दिल्ली-हरियाणा सहित कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Weather Update 23 January 2026: उत्तर भारत के मौसम में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में तेज़ झोंकेदार हवाओं के साथ बादल छाए हुए हैं। बता दें कि बवाना, नरेला, रोहिणी से लेकर बहादुरगढ़, रोहतक और कोटपूतली तक मौसम का असर साफ नजर आ रहा है। कई जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है और कुछ इलाकों में गरज के साथ बिजली चमकने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ घंटे लोगों को चौंका सकते हैं, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है।

आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक बसंत पंचमी की शुरुआत इस बार बारिश के साथ हुई है। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तूफानी मौसम बन सकता है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है।

दिल्ली और आसपास के इलाकों पर असर

राजधानी दिल्ली के नरेला, बवाना, अलीपुर, बुराड़ी, कंझावला, रोहिणी, मॉडल टाउन, आजादपुर, पीतमपुरा, मुंडका, पश्चिम विहार, पंजाबी बाग, राजौरी गार्डन, जाफरपुर, नजफगढ़ और द्वारका सहित कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा एनसीआर के बहादुरगढ़, हरियाणा के रोहतक, झज्जर, फरुखनगर, महेंद्रगढ़, नारनौल और राजस्थान के कोटपूतली में भी मौसम का असर दिख सकता है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

दिल्ली के लिए खास मौसम अलर्ट

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में पूरे दिन बादल छाए रह सकते हैं। सुबह से दोपहर तक कहीं-कहीं हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। गरज के साथ बिजली चमकने और 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। दोपहर बाद हल्की से मध्यम बारिश संभव है, जबकि शाम के समय हल्की धुंध भी देखने को मिल सकती है।

नॉर्थ-वेस्ट इंडिया में मौसम का हाल

एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के कारण 23 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में कुछ जगहों पर भारी बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी की संभावना है। बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। इसका असर उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी दिख सकता है, जहां कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें