Site icon Dainik Savera Times

देशभर में मॉनसून का असर तेज, अगले 24 घंटों में 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट

Today weather 2 July 2026

Today weather 2 July 2026

Weather Update: देश के कई हिस्सों में अब दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई राज्यों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बनने लगे हैं। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से लेकर अरुणाचल प्रदेश के लोअर सुबनसिरी जिले तक भारी बारिश लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। वहीं मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान देश के 19 राज्यों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

इन 19 राज्यों में मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली-एनसीआर में कब मिलेगी गर्मी से राहत?

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में अभी भी गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 से 29 जून के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 25 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। 26 और 27 जून को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 28 जून को बादल बने रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है। वहीं 29 जून को एक बार फिर बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में तेज हवा और बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, झांसी, फिरोजाबाद, ललितपुर, कानपुर, हमीरपुर, हापुड़, आजमगढ़, पीलीभीत, रायबरेली, वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

बिहार में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, गया, नालंदा, गोपालगंज, सिवान, सारण, सुपौल, पूर्णिया, सीतामढ़ी, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी और भागलपुर में तेज बारिश और आंधी की संभावना है।

 महाराष्ट्र में बारिश का कहर

महाराष्ट्र में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मुंबई में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मुंबई और पालघर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और सिंधुदुर्ग सहित कई जिलों में तेज बारिश, बिजली गिरने और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

राजस्थान के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट

राजस्थान में भी मौसम बदल रहा है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर जिलों में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा जयपुर, जोधपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और अलवर सहित कई जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है।

गुजरात के कई इलाकों में बारिश

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून गुजरात में आगे बढ़ चुका है और सूरत तक पहुंच गया है। दक्षिण गुजरात, उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही बिजली चमकने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।

उत्तराखंड में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम विभाग ने तेज बारिश और हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर और अल्मोड़ा में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा कई इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश में तेज हवाएं चलने की संभावना

हिमाचल प्रदेश में फिलहाल भारी बारिश का कोई विशेष अलर्ट नहीं है, लेकिन सोलन, मंडी, चंबा, कुल्लू, हमीरपुर और बिलासपुर में तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम में बदलाव के कारण लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ जैसे हालात

अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। लोअर सुबनसिरी जिले में फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आई हैं। हालात को देखते हुए पड़ोसी राज्य असम में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, गुवाहाटी, ईटानगर और याजाली क्षेत्र में आने वाले दिनों में भी भारी बारिश हो सकती है। अधिकारियों को आशंका है कि धेमाजी, लखीमपुर, बिस्वनाथ और सोनितपुर जैसे जिलों में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान मॉनसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के और अधिक हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। ऐसे में कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।

Exit mobile version