नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में एक बार फिर ठंड ने जोर पकड़ लिया है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश तक तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए शीतलहर और सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। फिलहाल उत्तर भारत का मौसम ठंडा और शुष्क बना हुआ है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में आज तेज ठंड महसूस की जाएगी। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया हुआ है, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी। अधिकतम तापमान 23–24°C और न्यूनतम तापमान 8–10°C दर्ज किया गया है। ठंडी हवाएं चलने से शाम और रात का मौसम और ज्यादा सर्द रहेगा।
ये भी पढ़ें: राशिफल 11 Dec 2025 : जानें कैसा रहेगा आपका दिन
किन राज्यों में रहेगा कोहरा और शीतलहर
सुबह के समय उत्तर भारत के कई हिस्सों में धुंध और कोहरे की परत देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बन सकती है। हरियाणा और पंजाब में तेज ठंड का असर बढ़ रहा है। पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान सिर्फ 2.8°C दर्ज किया गया। राजस्थान में सुबह धुंध के साथ हल्की हवाएं चलेंगी। मौसम शुष्क रहेगा और ठंड का असर जारी रहेगा। पूर्वी यूपी और बिहार दोनों राज्यों में सुबह घना कोहरा छाने के संकेत हैं। दृश्यता कम होने की वजह से सफर पर असर पड़ सकता है।
कश्मीर और हिमाचल प्रदेश का मौसम
पहाड़ी राज्यों में तापमान लगातार गिर रहा है। कई जगह तापमान 5°C से नीचे चला गया है। ऊपरी इलाकों में हाल ही में हुई बर्फबारी के कारण मैदानी राज्यों तक ठंडी हवाएं पहुंच रही हैं। कुछ स्थानों पर पाला जमने की भी संभावना है। मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी पारा 10°C से नीचे है। मौसम विभाग ने यहां भी अगले दो दिनों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बारिश की संभावना
पिछले 24 घंटे में तटीय तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अगले 24 घंटों में तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार में हल्की से मध्यम बारिश संभव। आंतरिक तमिलनाडु और लक्षद्वीप में हल्की बरसात हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान और भारत आपस में लड़ रहे थे, मैंने युद्ध खत्म करवाया : ट्रंप

