Site icon Dainik Savera Times

फरवरी की शुरुआत में बदला उत्तर भारत का मौसम, कई राज्यों में ठंड के साथ बारिश की संभावना

Punjab Weather Update 18 feb

Punjab Weather Update 18 feb

Weather Update: फरवरी की शुरुआत होते ही उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक ठंड के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली और आसपास के इलाकों में एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। अगले तीन दिनों तक राजधानी में तेज और ठंडी हवाएं चलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बताया है कि 9 और 10 फरवरी के बीच एनसीआर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

बुधवार सुबह दिल्ली में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ। सफदरजंग इलाके में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम रहा। वहीं सुबह करीब नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 319 रिकॉर्ड किया गया, जिसे ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रखा गया है।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू और किन्नौर जिलों के लिए मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

राजस्थान में मिलेगी ठंड से राहत

राजस्थान में आने वाले दिनों में ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम ज्यादातर शुष्क रहा और कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा देखा गया। मौसम केंद्र जयपुर का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि 8 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित कर सकता है।

तमिलनाडु में हल्की ठंड और कोहरा

तमिलनाडु में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की ठंड, सुबह के समय कोहरा और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी जिलों में सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है। नीलगिरि, सेलम, कृष्णागिरी, धर्मपुरी, तिरुपत्तूर, वेल्लोर और रानीपेट जैसे जिलों में कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

Exit mobile version