अंबाला। अप्रैल का पहला सप्ताह बीत गया है। प्रदेश में मौसम अब तक स्थिर नहीं हो पाया है। हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बादलों की आवाजाही बढ़ रही है।
पाकिस्तान तक पहुंचा पश्चिमी विक्षोभ
आने वाले 12 से 24 घंटों में तेज हवाओं, अंधड़, हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने हरियाणा के 17 जिलों के लिए ओरेंज अलर्ट और शेष 5 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि मध्य श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में पूर्वी पाकिस्तान पर पहुंच गया है।
बदल रही हवा की दिशा
इसकी वजह से हरियाणा और एनसीआर में हवाओं की दिशा बदल रही है और वातावरण में अस्थिरता बढ़ रही है। पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के पहले संकेत देखे जा चुके हैं। आज सोमवार शाम से रात तक यह प्रणाली उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर पहुँच जाएगी। दक्षिणी पंजाब और उत्तरी राजस्थान पर चक्रवातीय परिसंचरण तंत्र बनने से बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी हरियाणा और एनसीआर पहुंच रही है।
रेवाड़ी और गुरुग्राम में गरजेंगे बादल
इसके चलते आज रात से पश्चिमी जिलों जैसे सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और दक्षिणी जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम में गरज-चमक और हल्की बारिश की गतिविधियां होने की संभावना है। इसके बाद मध्यवर्ती और पूर्वी जिलों में 7-8 अप्रैल तक 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और अंधड़ के साथ बारिश की संभावना है।
9 अप्रैल तक छा सकते हैं बादल
उत्तर और पूर्वी जिलों पर आंशिक प्रभाव 9 अप्रैल तक रहेगा। इसी दौरान हल्की बारिश और बूंदाबांदी जारी रहेगी। 9-10 अप्रैल को उत्तरी हवाओं से दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे गर्मी में ठंड का अहसास होगा। हालांकि, 11 अप्रैल को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्र में एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पश्चिमी शुष्क और गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा।
एनसीआर में रात को बढ़ेगा तापमान
इससे हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में दिन और रात के तापमान में वृद्धि होगी और आमजन को गर्मी का तीखा अहसास फिर से महसूस होगा। डॉ. चंद्रमोहन ने आमजन से चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में मौसम में तेजी से बदलाव हो सकता है, इसलिए सावधानी बरतें और मौसम विभाग के अलर्ट पर ध्यान दें।
ये रहेगा तापमान
प्रदेश में औसतन अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश में सूर्योदय 06:07 बजे, दोपहर: 12:27 और सूर्यास्त 18:48 बजे होगा। कुल मिलाकर हरियाणा में दिन की अवधि: 12 घंटे 41 मिनट और रात 11 घंटे 19 मिनट की रहेगी।
किसानों को रहना होगा सावधान
इस बदलते मौसम में किसानों को सावधान रहने की जरूरत है। अचानक तेज हवाएं, आंधी और बेमौसम बारिश की आशंका जताई जा रही है। इससे पकी फसलों को नुकसान हो सकता है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे फसलों की सुरक्षा के लिए समय रहते जरूरी कदम उठाएं, जिससे कि नुकसान होने से बचा जा सके। खासकर गेहूं और सरसों की फसल को इस मौसम में अधिक खतरा बताया जा रहा है।
Also Read : मंडी गुलजार, सूने बाजार, कारोबार पर असर, व्यापारी चिंतित
Also Read : अब आशियाने का सपना महंगा, कलेक्टर रेट लागू
Also Read : सपना चौधरी अदालत में पेश, जानें क्या था मामला

