Weather Update : देश के कई हिस्सों में मानसून ने अपनी पूरी ताकत के साथ दस्तक दी है। दिल्ली-NCR से लेकर राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक मूसलाधार बारिश हो रही है। इस बारिश ने जहां एक ओर लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन जैसी समस्याओं ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।
दिल्ली-NCR में जलसैलाब…रुक-रुक कर बारिश से शहर बेहाल
दिल्ली-NCR में बुधवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने राजधानी की रफ्तार थाम दी। कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम हो गया। घरों और दुकानों में पानी घुसने की भी खबरें आईं। IMD ने गुरुवार को भी दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है।
#WATCH | Delhi | Rain lashes parts of the national capital.
(Morning visuals from Janpath) pic.twitter.com/nwShJ1W41l
— ANI (@ANI) July 31, 2025
फिरोजाबाद की ‘स्मार्ट सिटी’ परियोजना हुई फेल
फिरोजाबाद में कुछ घंटों की बारिश ने स्मार्ट सिटी के दावों की पोल खोल दी। सुहागनगर और हाईवे सर्विस रोड समेत कई इलाकों में पानी भर गया। नालों की सफाई न होने के कारण लोग कमर तक पानी में आने-जाने को मजबूर हैं। कई वाहन भी पानी में बंद हो गए।
बाढ़ जैसे हालात, पुल बहा, SDRF सक्रिय
मध्य प्रदेश के अलीराजपुर, नीमच और श्योपुर जिलों में बारिश ने तबाही मचाई है। सयडा गांव में एक युवक उफनती नदी में फंस गया, जिसे बचाया गया। श्योपुर में चंबल नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया और एक पुल टूट गया। कूनो नदी के किनारे बसे गांवों से 175 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
बूंदी में मेज नदी का बढ़ा जलस्तर
बूंदी में भारी बारिश के चलते मेज नदी उफान पर है। निचले इलाकों में पानी घुस गया है और सड़कें डूब गई हैं। कई जगहों पर 3-4 फीट तक पानी भर गया है। प्रशासन अलर्ट पर है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी जा रही है।
भूस्खलन से बाधित यातायात
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन हो रहे हैं। सड़कों के अवरुद्ध होने से यातायात प्रभावित हुआ है। वहीं, असम और मेघालय में भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं और गांव जलमग्न हो गए हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, असम और मेघालय में गुरुवार को भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें : मेटा का बड़ा कदम, AI निवेश बढ़ाने के लिए कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी

