Site icon Dainik Savera Times

इन राज्यों के लिए अगले 5 दिनों तक बारिश का येलो अलर्ट जारी, ओलावृष्टि के साथ बिजली गिरने की चेतावनी

Punjab Weather Update

Weather : भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जानकारी दी है कि देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य हिस्सों में आने वाले पांच दिनों तक गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। इसके तहत कई राज्यों के लिए मौसम से जुड़ी चेतावनियां जारी की गई हैं, जिनमें दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश शामिल हैं।

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। 9 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दिन तेज गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया था।

10 मई को मौसम आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना है। 11 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तापमान 37 डिग्री अधिकतम और 27 डिग्री न्यूनतम रहने की संभावना है। इसके बाद 12 से 15 मई तक मौसम साफ और आंशिक रूप से बादलों से युक्त रहेगा। तापमान इस दौरान अधिकतम 37-38 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री के आसपास रहेगा।

मौसम विभाग ने 11 मई तक असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर जैसे पूर्वोतर राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और जब तक आवश्यक न हो, घर से बाहर न निकलें। बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़ा न होने की चेतावनी दी गई है। किसानों, यात्रियों और आम जनता को सलाह दी गई है कि वे मौसम विभाग द्वारा समय-समय पर जारी चेतावनियों का पालन करें।

Exit mobile version