नेशनल डेस्क: बुधवार दोपहर को काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे टर्किश एयरलाइंस के एक यात्री विमान के दाहिने इंजन में टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद आग लग गई। घटना के बाद काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तुरंत इमरजेंसी घोषित कर दी गई।
यह भी देखें: जम्मू-कश्मीर में बेरोजगारी 32%, वहीद पारा ने तत्काल औद्योगिक नीति की मांग की
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट नंबर THY-727 ने दोपहर 1:28 बजे (स्थानीय समय) उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के लगभग चार मिनट बाद पायलटों को दाहिने इंजन में आग लगने का संकेत मिला। त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट के जनरल मैनेजर टेकनाथ सिटौला ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से पायलटों ने तुरंत दाहिने इंजन को बंद कर दिया और विमान को काठमांडू के पश्चिमी क्षेत्र में करीब 10 मिनट तक हवा में ही चक्कर लगवाया।
इस दौरान स्थिति को नियंत्रित किया गया। यह विमान A330-303 सीरीज का वाइड-बॉडी एयरक्राफ्ट था, जिसमें 225 यात्री और 11 क्रू मेंबर सवार थे। इस तरह विमान में कुल 236 लोग मौजूद थे। इंजन में आग की सूचना मिलते ही त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को करीब 15 मिनट के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। इसके बाद पायलटों ने विमान को भारत की ओर मोड़ने का फैसला किया।
यह भी देखें: स्वर्ण जड़ित मां वैष्णो देवी की प्राचीन गुफा के खुले द्वार, 13 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NSCBI) पर विमान की फुल इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। कोलकाता एयरपोर्ट के डायरेक्टर ने बताया कि विमान ने 14:49 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। कोलकाता ATC को पहले ही दाहिने इंजन में संभावित आग की जानकारी दे दी गई थी, जिसके चलते सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। विमान फिलहाल कोलकाता एयरपोर्ट पर ही खड़ा है और घटना की जांच जारी है। इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।