
शिमला : हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हैल्पलाइन-1100 को अधिक सुलभ और सरल बनाने के लिए सरकार इसमें नई सुविधाएं जोड़कर मजबूत करेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को हैल्पलाइन के लिए एक व्हाट्सएप्प चैटबॉट विकसित करने का निर्देश दिया है। इससे नागरिकों को उनकी शिकायतों पर अद्यतन जानकारी प्राप्त करने, प्रतिक्रिया प्रदान करने, कॉलबैक का अनुरोध करने और नई शिकायतें दर्ज करने की और बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। शिकायत संबंधी सुविधाओं के अलावा, व्हाट्सएप्प चैटबॉट विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जानकारी भी प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के लोगों की शिकायतों के त्वरित निपटारे व और अधिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए अपने कामकाज में वृहद स्तर पर प्रौद्योगिकी को शामिल करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप चैटबॉट का विकास पहले ही शुरु किया जा चुका है, और इस नई सुविधा से मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हैल्पलाइन-1100 की दक्षता और पहुंच में काफी वृद्धि होने की उम्मीद है, जिससे नागरिकों के लिए जानकारी प्राप्त करना और अपनी शिकायतों का समाधान और आसान हो जाएगा।