Site icon Dainik Savera Times

WhatsApp यूजर्स के लिए नया खतरा: बिना OTP के हो रहे अकाउंट हैक, CERT-In ने दी चेतावनी

WhatsApp users accounts hacked

WhatsApp users accounts hacked

नई दिल्ली: WhatsApp यूजर्स को एक नए खतरनाक साइबर अटैक से सावधान रहने की जरूरत है। आपको बता दें कि सरकारी एजेंसी CERT-In (Computer Emergency Response Team – India) ने हाल ही में GhostPairing नामक तकनीक को लेकर हाई-रिस्क चेतावनी जारी की है। इस अटैक में हैकर्स बिना किसी OTP या पासवर्ड के यूजर्स के WhatsApp अकाउंट तक पहुंच बना सकते हैं। एजेंसी ने बताया कि इस तकनीक का सबसे बड़ा खतरा उन लोगों को है जो WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हैं।

क्या है GhostPairing?

GhostPairing अटैक में स्कैमर्स यूजर्स को मैसेज भेजते हैं, जिसमें एक लिंक होता है। अक्सर यह लिंक किसी फेसबुक फोटो या मैसेज के साथ आता है, जैसे कि “मुझे फेसबुक पर आपकी फोटो मिली है।” जब यूजर उस लिंक पर क्लिक करता है, तो हैकर्स चुपके से अपना डिवाइस यूजर के WhatsApp अकाउंट से पेयर कर लेते हैं। इसके बाद उन्हें यूजर के अकाउंट की लगभग पूरी पहुंच मिल जाती है और यह पूरी प्रक्रिया बिना किसी अलर्ट के होती है।

बिना OTP के हो रहे अकाउंट हैक

CERT-In ने बताया कि इस तरह के अटैक में स्कैमर्स का डिवाइस ट्रस्टेड डिवाइस बन जाता है। इसका मतलब है कि वे लगातार यूजर की चैट, मीडिया फाइल्स और अन्य सेटिंग्स तक एक्सेस कर सकते हैं, जबकि यूजर को हैक होने का पता ही नहीं चलता। यह तकनीक इसलिए बेहद खतरनाक है क्योंकि यह पारंपरिक OTP या पासवर्ड सुरक्षा को बायपास कर देती है।

एजेंसी ने यूजर्स को सतर्क रहने की दी सलाह

एजेंसी ने WhatsApp यूजर्स को सतर्क रहने की सलाह दी है। CERT-In ने कहा कि कोई भी संदिग्ध लिंक क्लिक न करें, भले ही वह किसी परिचित व्यक्ति से आया हो। इसके अलावा, ऐसी वेबसाइट्स पर अपना नंबर या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें, जो खुद को WhatsApp या फेसबुक से कनेक्टेड बताती हों।

Watch Video : ਧਰਤੀ ਹੇਠਲਾ ਪਾਣੀ ਬਚਾਉਣ ਲਈ ਕਿਸਾਨ ਦਾ ਵੱਖਰਾ ਉਪਰਾਲਾ

विशेषज्ञों का कहना है कि यूजर्स को हमेशा अपने अकाउंट और डिवाइस की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। WhatsApp Web का इस्तेमाल करते समय लॉगिन एक्टिविटी की जांच करना और संदिग्ध लिंक या मैसेज से दूरी बनाए रखना आवश्यक है।

Exit mobile version