Site icon Dainik Savera Times

Noida Airport से कब शुरू होंगी उड़ानें? जानें उद्घाटन के बाद भी क्यों करना होगा इंतज़ार

Noida International Airport

Noida International Airport

नेशनल डेस्क: नोएडा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को उत्तर प्रदेश के जेवर में बने Noida International Airport का उद्घाटन किया। बता दें कि देश के सबसे बड़े उभरते हवाई अड्डों में शामिल यह प्रोजेक्ट अब पूरी तरह से तैयार दिख रहा है, लेकिन यात्रियों को यहां से उड़ान भरने के लिए अभी कुछ समय इंतजार करना पड़ेगा।

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू के अनुसार, इस एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानें शुरू होने में लगभग 45 से 60 दिन का समय लग सकता है। यानी मई के मध्य तक यहां से नियमित फ्लाइट सेवाएं शुरू होने की संभावना है।

उद्घाटन के बाद भी क्यों नहीं शुरू होती तुरंत फ्लाइट?

एयरपोर्ट का उद्घाटन हो जाने के बावजूद तुरंत उड़ानें शुरू नहीं की जा सकतीं। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण सुरक्षा और तकनीकी मंजूरियां होती हैं। फिलहाल एयरपोर्ट को Bureau of Civil Aviation Security से एयरपोर्ट सिक्योरिटी प्रोग्राम (ASP) की अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है। यह मंजूरी मिलने के बाद ही एयरलाइंस यात्रियों के लिए टिकट जारी कर सकती हैं।

इसके अलावा, एयरलाइन कंपनियों को अपने संचालन के लिए कई जरूरी तैयारियां करनी होती हैं जैसे ग्राउंड स्टाफ की नियुक्ति, उड़ानों के स्लॉट तय करना, टिकट बुकिंग सिस्टम को सक्रिय करना और तकनीकी परीक्षण। इन सभी प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद ट्रायल रन भी किया जाता है, ताकि सेवाएं शुरू होने पर किसी तरह की बाधा न आए।

किन शहरों के लिए पहले शुरू होंगी उड़ानें?

शुरुआती चरण में इस एयरपोर्ट से देश के बड़े शहरों के लिए उड़ानें शुरू की जाएंगी। इनमें मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरू और हैदराबाद शामिल हैं। इसके बाद दूसरे चरण में लखनऊ, अहमदाबाद, पुणे, गोवा, जयपुर, पटना, रांची जैसे जैसे शहरों को जोड़ा जाएगा।

ये भी पढ़ें:

बुकिंग कब से होगी शुरू?

जानकारी के अनुसार, पहली कमर्शियल फ्लाइट शुरू होने से करीब 4 से 6 हफ्ते पहले टिकट बुकिंग शुरू कर दी जाएगी। इससे यात्रियों को पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने में सुविधा मिलेगी।

कुल मिलाकर, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन भले ही हो चुका हो, लेकिन सुरक्षा मंजूरी और संचालन से जुड़ी प्रक्रियाओं के चलते उड़ानों की शुरुआत में थोड़ा समय लगना तय है। यात्रियों के लिए यह इंतजार जल्द ही खत्म होने की उम्मीद है, जब यह एयरपोर्ट देश के प्रमुख एविएशन हब के रूप में उभरेगा।

Exit mobile version