Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

BJP का विरोध करते-करते भारत का विरोध करने लगी Congress : PM Modi

October 5, 2023

BJP का विरोध करते-करते भारत का विरोध करने लगी Congress : PM Modi
जोधपुरः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का विरोध करते हुए भारत का ही विरोध करने लगी है। मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है लेकिन कांग्रेस को इससे दिक्कत हो रही है। इसके साथ ही मोदी ने पेपर लीक, महिलाओं पर अत्याचार तथा लाल डायरी जैसे मुद्दों को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार व दंगों के मामलों में राजस्थान को देश में टॉप पर पहुंचा दिया है।
मोदी जोधपुर के रावण का चबूतरा मैदान में चुनाव सभा को संबोधित कर रहे थे। राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।उन्होंने कहा,‘‘कांग्रेस के साथ एक दिक्कत हो गई है कि वह भाजपा का विरोध करते-करते भारत का विरोध करने लग गई है। आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है, उसकी वाह-वाह हो रही है लेकिन कांग्रेस को इसमें दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि आज अमेरिका से लेकर सिंगापुर व जापान तक में भारत का डंका बज रहा है लेकिन कांग्रेस वालों को यह अच्छा नहीं लगता। उनको दुख होता है।
पीएम मोदी ने कहा,‘‘भाजपा सरकार ने भारत को दसवें नंबर से पांचवें नंबर की आíथक ताकत बना दिया है लेकिन कांग्रेस को इससे भी परेशानी है। लेकिन यह मोदी की गारंटी है, देख लेना कुछ ही वर्षों में मोदी देश को दसवें नंबर से पहले तीन में पहुंचाकर रहेगा।’ राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार व दंगों के मामलों में राजस्थान को देश में टॉप पर पहुंचा दिया है।  उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र की भाजपा की सरकार अपनी तरफ से राजस्थान के विकास के लिये हर कोशिश कर रही है लेकिन यहां की स्थिति देखकर बहुत दुख होता है। पांच साल में कांग्रेस के कुशासन ने क्या हाल कर दिया. कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और दंगों के मामले में राजस्थान को देश में टॉप पर पहुंचा दिया। महिलाओं और दलितों के विरूद्ध अत्याचार के मामले में राजस्थान को नंबर एक बना दिया है।’’ उन्होंने कहा कि पांच साल में यहां की कांग्रेस सरकार एक कदम भी नहीं चली बल्कि यहां चौबीसों घंटे कुर्सी का ही खेल चलता रहा।
कथित लाल डायरी का जिक्र करते हुए मोदी ने जनता से सवालिया अंदाज में कहा,‘‘लोग कहते हैं कि लाल डायरी में कांग्रेस के करप्शन की हर काली करतूत है। लाल डायरी के काले राज खुलने चाहिए कि नहीं खुलने चाहिए? सब खुलकर बाहर आना चाहिए कि नहीं?’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार को राजस्थान के हित से ज्यादा अपना वोट बैंक प्यारा है। कांग्रेस को राजस्थान की महिलाओं की किसी तकलीफ से कोई लेना देना नहीं। कांग्रेस के पेपर लीक माफिया के हाथों यहां के लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद होने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान का युवा इंसाफ मांग रहा है।
उन्होंने कहा,‘‘चुनाव के समय बेरोजगारी भत्ते का वादा करने वाली कांग्रेस ने यहां के युवाओं को पेपर लीक माफिया के हवाले कर दिया. ऐसे हर पेपर लीक माफिया के खिलाफ भाजपा सरकार सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।’’ उन्होंने जनता से कहा,‘‘ आप याद रखियेगा भाजपा आयेगी राजस्थान में रोजगार लायेगी। भाजपा आएगी राजस्थान पेपर माफिया को मिटाएंगी।’’ प्रधानमंत्री ने साथ ही कहा कि भाजपा का संकल्प राजस्थान को पर्यटन में नंबर वन राज्य बनाने का है और इसके लिए हम राजस्थान के कोने-कोने में विकास को पहुंचा कर रहेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें