Dainik Savera Times

कौन है अभिजीत दीपके, जिसने बना दी Cockroach Janta Party, सोशल मीडिया पर बनीं चर्चा की विषय

Cockroach Janta Party

नेशनल डेस्क: आज के दौर में सोशल मीडिया पर कब कौन-सी चीज वायरल हो जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। कई बार ऐसी चीजें भी ट्रेंड करने लगती हैं, जिनके बारे में लोगों ने पहले कभी सोचा तक नहीं होता। इन दिनों इंटरनेट पर एक ऐसा ही अनोखा नाम कॉकरोच जनता पार्टी तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम और एक्स पर इस नाम से बने अकाउंट बहुत कम समय में लाखों लोगों तक पहुंच चुके हैं। खास बात यह है कि युवा वर्ग, खासकर जेन जी इस ट्रेंड को काफी पसंद कर रहा है और इससे जुड़े मीम्स और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किए जा रहे हैं।

कैसे शुरू हुई कॉकरोच जनता पार्टी?

बताया जा रहा है कि इस मजाकिया और व्यंग्यात्मक पार्टी की शुरुआत अभिजीत दीपके नाम के युवक ने 16 मई को की थी। यह आइडिया उस समय आया, जब सोशल मीडिया पर एक बयान को लेकर काफी चर्चा हुई। दरअसल CJI सूर्यकांत ने बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की थी। उनका ये बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद अभिजीत ने इसी मुद्दे को व्यंग्य और मजाक के अंदाज में सोशल मीडिया कैंपेन का रूप दे दिया। उन्होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से अकाउंट बनाए और देखते ही देखते यह नाम इंटरनेट पर ट्रेंड करने लगा।

ये भी पढ़ें: झारखंड में 27 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, 5 लाख इनामी भी शामिल

कुछ ही दिनों में जुड़े लाखों लोग

कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट ने बहुत तेजी से लोकप्रियता हासिल की। कुछ ही दिनों में इसके फॉलोअर्स लाखों में पहुंच गए। वहीं एक्स पर भी इस अकाउंट को बड़ी संख्या में लोग फॉलो करने लगे थे, लेकिन इसका एक्स अकाउंट भारत में बैन कर दिया गया है। इंस्टाग्राम पर कॉकरोच पार्टी ने बीजेपी को भी पीछे छोड़ दिया है। सिर्फ सोशल मीडिया ही नहीं, इस नाम से एक वेबसाइट भी बनाई गई है। वेबसाइट पर मजेदार अंदाज में लिखा गया है कि यह ‘आलसी और बेरोजगार लोगों की आवाज’ है। यही वजह है कि लोग इसे गंभीर राजनीति से ज्यादा एक सोशल मीडिया सटायर और इंटरनेट मूवमेंट के रूप में देख रहे हैं।

युवाओं के बीच क्यों हो रहा है वायरल?

कॉकरोच जनता पार्टी का कंटेंट पूरी तरह मीम्स, व्यंग्य और इंटरनेट ह्यूमर पर आधारित है। इंस्टाग्राम रील्स और मीम वीडियो में लोग खुद को पार्टी का नेता या सदस्य बताते हुए मजेदार वीडियो बना रहे हैं। जेन जी यूजर्स इसे एक नए डिजिटल ट्रेंड की तरह ले रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग मजाकिया अंदाज में बेरोजगारी, राजनीति और सिस्टम से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रख रहे हैं।

क्या है पार्टी का मेनिफेस्टो?

इस वायरल पार्टी का मेनिफेस्टो भी काफी अलग और मजेदार तरीके से तैयार किया गया है। पार्टी खुद को सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक और लेजी बताती है। इसके कुछ प्रमुख वादे इस प्रकार हैं…

रिटायरमेंट के बाद किसी भी चीफ जस्टिस को राज्यसभा सीट न देने की बात

संसद में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा

पार्टी बदलने वाले नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक

युवाओं और बेरोजगारों की आवाज उठाने का दावा

कौन हैं अभिजीत दीपके?

कॉकरोच जनता पार्टी शुरू करने वाले अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह एक पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रेटेजिस्ट हैं। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की और बाद में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए। वहां उन्होंने बॉस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में मास्टर डिग्री हासिल की। बताया जाता है कि अभिजीत ने 2020 से 2022 के बीच आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम के साथ भी काम किया है। इसके अलावा वह दिल्ली के शिक्षा विभाग में कम्युनिकेशन एडवाइजर के तौर पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

ये भी पढ़ें: Oil Crisis: तेल की किल्लत से जूझ रही दुनिया, फिर भी इन देशों में काफी सस्ता है पेट्रोल

इंटरनेट पर बना नया ट्रेंड

कॉकरोच जनता पार्टी फिलहाल सोशल मीडिया पर एक बड़े इंटरनेट ट्रेंड के रूप में उभर चुकी है। लोग इसे राजनीति से ज्यादा ह्यूमर, मीम कल्चर और युवाओं की डिजिटल अभिव्यक्ति के तौर पर देख रहे हैं। आने वाले दिनों में यह ट्रेंड कितना आगे जाता है, यह देखना दिलचस्प होगा, लेकिन फिलहाल सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का नाम हर तरफ चर्चा में बना हुआ है।

Exit mobile version