Site icon Dainik Savera Times

पाकिस्तान ने हम पर 3 युद्ध और हजारों आतंकवादी हमले कर सिंधु जल संधि की भावना का उल्लंघन किया: भारत

संयुक्त राष्ट्र : भारत ने सिंधु जल संधि पर संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के दुष्प्रचार की धज्जियां उड़ाते हुए कहा है कि पाकिस्तान ने भारत पर तीन युद्ध और हजारों आतंकवादी हमले करके इस संधि की भावना का उल्लंघन किया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पर्वतनेनी हरीश ने शुक्रवार को कहा, ‘हम सिंधु जल संधि के संबंध में पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल द्वारा फैलाई जा रही गलत सूचनाओं का जवाब देने के लिए बाध्य हैं। भारत ने नदी के ऊपरी तट पर स्थित देश होने के नाते हमेशा जिम्मेदाराना तरीके से काम किया है।’ हरीश ने स्लोवेनिया के स्थायी मिशन द्वारा आयोजित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। इस बैठक का विषय ‘सश संघर्ष के बीच जल की सुरक्षा – आम नागरिकों के जीवन की सुरक्षा’ था।

हरीश ने पाकिस्तान द्वारा किए जा रहे दुष्प्रचार को उजागर करने के लिए चार पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की बैठक में कहा कि भारत ने 65 साल पहले सद्भावना के साथ सिंधु जल संधि की थी। उन्होंने कहा कि संधि की प्रस्तावना में कहा गया है कि इसे ‘सद्भावना और मैत्री की भावना से’ किया गया। हरीश ने कहा कि इन साढ़े 6 दशकों के दौरान, ‘पाकिस्तान ने भारत पर 3 युद्ध और हजारों आतंकवादी हमले कर संधि की भावना का उल्लंघन किया है।’ भारतीय दूत ने रेखांकित किया कि पिछले 40 साल में आतंकवादी हमलों में 20,000 से अधिक भारतीयों की जान गई, जिनमें से सबसे हालिया हमला पहलगाम में पर्यटकों पर किया गया नृशंस आतंकवादी हमला था।

हरीश ने कहा कि भारत ने इस पूरी अवधि में असाधारण धैर्य और उदारता दिखाई है, फिर भी पाकिस्तान द्वारा भारत में प्रायोजित ‘सीमा पार आतंकवाद का उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन, धाíमक सद्भाव और आíथक समृद्धि को नुकसान पहुंचाना’ रहा है। हरीश ने बताया कि भारत ने पिछले 2 साल में कई मौकों पर पाकिस्तान से संधि में संशोधनों पर चर्चा करने के लिए औपचारिक रूप से कहा लेकिन वह इससे इन्कार करता रहा है। उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान का बाधा डालने वाला दृष्टिकोण भारत द्वारा वैध अधिकारों के पूर्ण उपयोग को रोकता है।’

ये भी पढ़ें- OTT पर छाई ‘पीकी ब्लाइंडर्स: द इमॉर्टल मैन’, 50 देशों में कर रही ट्रेंड

Exit mobile version