Site icon Dainik Savera Times

इस पार्टी के जिलाध्यक्ष की पत्नी फांसी के फंदे पर लटकी मिली, मचा बवाल

नेशनल डेस्क। झांसी में निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवकुमार रायकवार (SK Baba) की पत्नी नीलू रायकवार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नीलू काफी समय से अपने पति से अलग रह रही थी और एक किराए के मकान में अकेली रहती थी। बुधवार को जब उसकी मां ने कई बार फोन किया, लेकिन नीलू ने कॉल रिसीव नहीं की, तो उन्हें शक हुआ। जब मां घर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। आसपास के लोगों की मदद से पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने गेट तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर सब हैरान रह गये।

बच्चों के लिए लाईं थीं पटाखे और कपड़े
मृतका की मां ने रोते हुए बताया कि उनकी बेटी बहुत खुशमिजाज और दिलेर थी। वह बच्चों के लिए पटाखे और कपड़े खरीदकर लाई थी। उन्होंने कहा कि नीलू का अपने पति से करीब एक साल से विवाद चल रहा था, और जब वह ससुराल में रहती थी तो ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते थे।

मां ने बताया, “मेरी बेटी रोज मुझसे बात करती थी। कल शाम को उसने कहा था कि मंदिर से लौटकर हमारे पास आ रही है, लेकिन वह नहीं आई। सुबह जब दरवाजा नहीं खोला तो हमने शोर मचाया, पर कोई जवाब नहीं मिला। मुझे यकीन नहीं होता कि वह खुद फांसी लगा सकती है।”

मृतका की मां ने दामाद पर लगाया गंभीर आरोप
मृतका की मां ने दामाद शिवकुमार रायकवार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी बताती थी कि उसका पति दूसरी महिलाओं के साथ संबंध रखता है। वह उन लड़कियों की तस्वीरें मोबाइल पर भेजता था। जब नीलू इसका विरोध करती थी तो वह उसके साथ मारपीट करता था।” मां ने कहा कि अब उन्हें सिर्फ इंसाफ चाहिए।

पति ने कहा– मुझे लगता है उसे मारा गया
दूसरी ओर, शिवकुमार रायकवार ने कहा कि उनका पत्नी से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था, इसी वजह से वह अलग रह रही थी। उन्होंने बताया, “मैं बाहर था। दोपहर करीब 12 बजे खबर मिली कि नीलू की तबीयत खराब है। जब घर पहुंचा तो पता चला कि उसने फांसी लगा ली है। हमारे दो बच्चे हैं, एक 6 साल की बच्ची भी है।” उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर राजनीति कर रहे हैं, जो गलत है।

“हम दुखी परिवार हैं। मेरी पत्नी और मेरा आना-जाना बना रहता था। कुछ दिन पहले उसने गाड़ी लेने की इच्छा जताई थी। मैंने कहा था कि पहले ठीक हो जाओ फिर गाड़ी ले लेना। मुझे शक है कि मेरी पत्नी को किसी ने मारकर लटका दिया है।”

पुलिस की जांच जारी
इस मामले पर सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि “शहर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि उसका अपने पति से काफी समय से विवाद चल रहा था।” पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना से क्षेत्र में फैली सनसनी
इस घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा और दुख का माहौल है। निषाद पार्टी से जुड़े लोग और स्थानीय निवासी घटना की सच्चाई जानने की मांग कर रहे हैं। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है कि यह खुदकुशी थी या किसी ने साजिश के तहत हत्या की।

 

Exit mobile version