Site icon Dainik Savera Times

पत्नी ने प्रेमी से मरवा डाला छह साल का मासूम, सऊदी अरब लौटा पिता बोला- तलाक दे देता तो शायद बेटा जिंदा होता

Meerut Murder Case

Meerut Murder Case

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के बहसूमा क्षेत्र में छह वर्षीय बच्चे अंगदवीर की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बेटे की मौत की खबर सुनकर सऊदी अरब से घर लौटे पिता गुरसेवक ने अपने दर्द को बयां करते हुए कहा कि अगर वह अपनी पत्नी गुरप्रीत कौर को पहले ही तलाक दे देता, तो शायद आज उनका बेटा जीवित होता।

गुरसेवक ने बताया कि वह सऊदी अरब में ट्रक चालक के रूप में काम करते हैं। परिवार का बेहतर भविष्य बनाने और बेटे को अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए वह विदेश में मेहनत कर रहे थे। उनकी कोशिश थी कि पत्नी और बेटे को किसी चीज की कमी न रहे। इसी वजह से उन्होंने वैवाहिक रिश्तों में तनाव के बावजूद तलाक नहीं लिया, क्योंकि उन्हें भरोसा था कि मां होने के नाते गुरप्रीत बेटे की अच्छी देखभाल करेगी। उनकी पत्नी ने न केवल उनके विश्वास को तोड़ा, बल्कि उनके बेटे को भी उनसे हमेशा के लिए छीन लिया।

आरोपियों की गिरफ्तारी पर ग्रामीणों ने जताया संतोष

मामले का खुलासा होने और दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गांव के लोगों ने पुलिस के काम की सराहना की है। ग्रामीणों ने जगह-जगह पोस्टर लगाकर पुलिस का आभार व्यक्त किया और मांग की कि मामले में दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी की सजा दी जाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जा चुका है, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अधिकारियों ने जांच टीम को जल्द से जल्द आरोप पत्र दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस जांच के अनुसार, एचडीएफसी बैंक में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत अर्पित पाराशर और गुरप्रीत कौर के बीच कथित प्रेम संबंध थे। जांच में सामने आया कि छह साल के अंगदवीर ने दोनों को एक साथ देख लिया था। आरोपी को आशंका थी कि बच्चा इस बात की जानकारी परिवार के अन्य लोगों को दे सकता है। इसी डर के चलते अर्पित ने कथित रूप से बच्चे का अपहरण करने की योजना बनाई। उसने मंगलवार को रामराज स्थित घर के बाहर से अंगदवीर को कार में बैठाकर अपने साथ ले गया।

परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बच्चे को कार में ले जाता दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने अर्पित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को लगातार गुमराह करता रहा। उसने दावा किया कि उसने बच्चे को नहर में फेंक दिया है। उसके बताए स्थान पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने घंटों तलाश अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बाद में सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना बयान बदल दिया और बताया कि उसने हस्तिनापुर क्षेत्र के भद्रकाली मंदिर के पास बच्चे की हत्या कर दी थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मौके से अंगदवीर का शव बरामद कर लिया।

छह माह पहले हुई थी आरोपी की शादी

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अर्पित पाराशर की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी। पुलिस अब इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

पुलिस कर रही आगे की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जांच पूरी होने के बाद अदालत में मजबूत आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सख्त सजा मिल सके। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में गहरा दुख और आक्रोश पैदा कर दिया है। लोग मासूम अंगदवीर को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।

Exit mobile version