Site icon Dainik Savera Times

सत्ता में आने के बाद धारावी झुग्गी पुनर्विकास परियोजना की निविदा रद्द कर देंगे : Uddhav Thackeray

मुंबई : शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी महाराष्ट्र में सत्ता में आती है तो उद्योगपति गौतम अदाणी की कंपनी को दी गई धारावी झुग्गी पुर्निवकास परियोजना की निविदा रद्द कर दी जाएगी। ठाकरे ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनकी पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि धारावी के निवासियों और उनके व्यवसायों को उजाड़ा न जाए। उन्होंने कहा कि वहां रहने वाले लोगों को इलाके में ही 500 वर्ग फुट के घर दिए जाने चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, कि ‘सत्ता में आने के बाद हम धारावी झुग्गी बस्ती पुर्निवकास परियोजना की निविदा को रद्द कर देंगे। सरकार को जवाब देना चाहिए कि इसे अभी क्यों नहीं रद्द किया जाना चाहिए। हम मुंबई को अदाणी नगर नहीं बनने देंगे।’’ ठाकरे ने दावा किया कि दुनिया के सबसे घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्रों में से एक धारावी के पुर्निवकास की परियोजना में अदाणी समूह को ऐसी अतिरिक्त रियायतें दी गई हैं, जो अनुबंध में निर्दिष्ट नहीं हैं।
उन्होंने कहा, कि ‘हम अतिरिक्त रियायतें नहीं देंगे। हम यह देखेंगे कि धारावी के निवासियों के लिए क्या अच्छा है और अगर जरूरत पड़ी तो हम एक नयी निविदा जारी करेंगे।’’ शिवसेना (यूबीटी) विपक्षी महा विकास आघाडी का हिस्सा है, जिसमें कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) भी शामिल हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव अक्टूबर में होने की संभावना है।
Exit mobile version