Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

EPFO 3.0 से आएगा बड़ा बदलाव, बैंक की तरह ATM से निकाल पाएंगे PF का पैसा

March 7, 2025

EPFO 3.0 से आएगा बड़ा बदलाव, बैंक की तरह ATM से निकाल पाएंगे PF का पैसा

Withdraw PF Money : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही नया सिस्टम ईपीएफओ 3.0 लाने जा रहा है। इसके बाद सदस्य बैंक की तरह एटीएम से प्रॉविडेंट फंड (पीएफ) अकाउंट का पैसा निकाल सकते हैं। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने हैदराबाद में एक इवेंट में कहा कि नया सिस्टम बैंकिंग की तरह सुविधाजनक होगा। इसमें कई डिजिटल फीचर्स दिए जाएंगे, जिससे लेनदेन आसान हो जाएगा।

मांडविया ने कहा, ‘आने वाले दिनों में ईपीएफओ 3.0 वजर्न आएगा। इसके बाद ईपीएफओ बैंक के बराबर हो जाएगा। जैसे बैंक में लेन-देन होता है, वैसे ही आप (ईपीएफओ सब्सक्राइबर्स के पास) यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) के जरिए अपने सारे काम कर सकेंगे।’

नियोक्ताओं से नहीं लेनी पड़ेगी मंजूरी

ईपीएफओ 3.0 मौजूदा सिस्टम का एक उन्नत वजर्न होगा। इसे निकासी की प्रक्रिया को तेज और यूजर-फ्रेंडली बनाने के लिए डिजाइन किया गया है। इस अपग्रेड के आने के बाद ईपीएफओ सदस्यों को अब अपने पीएफ पैसे प्राप्त करने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। साथ ही, अपने नियोक्ताओं से मंजूरी नहीं लेनी पड़ेगी। सदस्य बैंक खाते से नकदी निकालने की तरह ही एटीएम के माध्यम से भी अपना पीएफ का पैसा निकाल सकेंगे।

ईपीएफओ सदस्य अपने यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) का उपयोग करके अपने खातों को मैनेज कर सकेंगे। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि एटीएम से पीएफ निकासी की सीमा क्या होगी। मौजूदा समय में पीएफ से पैसा निकालने के लिए एक लंबा और पेचीदा प्रोसेस फॉलो करना पड़ता है। ईपीएफओ 3.0 का लक्ष्य पैसा निकासी, दावा निपटान और पेंशन हस्तांतरण को अधिक सरल और त्वरित बनाना है।

ईपीएफओ 3.0 ऐप मई और जून में लॉन्च

ईपीएफओ यूजर अनुभव को आसान बनाने के लिए लगातार सुधार कर रहा है। ईपीएफओ की सर्विसेज को लेकर शिकायतों में कमी आई है। कई नए फीचर्स जैसे जल्दी क्लेम प्रोसेस, नाम में सुधार का ऑनलाइन विकल्प और किसी भी बैंक से पेंशन निकासी जैसे सुधार लागू किए जा चुके हैं। सरकार की योजना ईपीएफओ 3.0 ऐप को इस साल मई और जून में लॉन्च करने की है।

यह ऐप यूजर्स को पीएफ बैलेंस, लेनदेन ट्रेक करने और निकासी करने की सुविधा प्रदान करेगा। केंद्रीय मंत्री नेकहा कि इन खातों में जमा धन कर्मचारियों का है, इसलिए उन्हें बिना किसी अनावश्यक देरी के इसे किसी भी समय और कहीं भी प्राप्त करने की स्वतंत्रता होनी चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें